वडनगर से आए 500 बाइक सेवा यात्रियों ने काशी विश्वनाथ का किया जलाभिषेक, मैदागिन से निकली भव्य कलश यात्रा, डमरूदल और शंखनाद के साथ स्वागत
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुनने के बाद वडनगर से आए 500 बाइक सेवा यात्री बुधवार को मैदागिन चौराहे पहुंचे। यहां से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने यात्रियों को पैदल काशी विश्वनाथ धाम के लिए रवाना किया। यात्रियों के साथ वडनगर से लाए गए जल और गंगाजल से भरे 11-11 कलश भी यात्रा का आकर्षण रहे।
कलश यात्रा में ढोल-नगाड़े, बैंड-बाजे, डमरूदल और शंखनाद करते हुए बटुक सबसे आगे चल रहे थे। उनके पीछे पीली साड़ी पहने महिलाएं वडनगर से लाए गए जल और गंगाजल से भरे कलश लेकर चल रही थीं। इसके बाद 500 बाइक सेवा यात्री ‘हर-हर महादेव’ का उद्घोष करते हुए काशी विश्वनाथ धाम की ओर बढ़े।
धाम के गेट नंबर चार पर वैदिक मंत्रोच्चार, डमरूदल और शंखनाद के बीच गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा कर यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद यात्रियों ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर वडनगर से लाए गए जल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया। इस दौरान पूरा परिसर ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से गूंज उठा।
बाइक सेवा यात्रियों ने काशी विश्वनाथ धाम के भव्य गलियारे का भी अवलोकन किया। धाम की भव्यता देखकर यात्री काफी प्रसन्न नजर आए। जलाभिषेक के बाद शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने यात्रियों को अंगवस्त्र, रुद्राक्ष की माला और प्रसाद भेंटकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, क्षेत्र सह-मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर समेत मंदिर प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।