चेतगंज के सेनपुरा में 28 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, दहेज प्रताड़ना का आरोप
वाराणसी। चेतगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सेनपुरा, यादव होटल के पीछे, 28 वर्षीय रिंकी कनौजिया ने शुक्रवार सुबह अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रिंकी की शादी करीब सात साल पहले हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घर के सदस्यों ने बताया कि रिंकी ने सुबह के समय फांसी लगाई, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। वहीं, रिंकी के मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि ससुराल में आए दिन झगड़े और मारपीट होती थी। उन्होंने दहेज मांगने और रिंकी को प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। साथ ही, यह भी बताया गया कि रिंकी का किसी बीमारी के लिए इलाज चल रहा था।
चेतगंज थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर दहेज प्रताड़ना और अन्य आरोपों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।