बाबा बर्फानी की सेवा को तैयार काशी, चंदनबाड़ी में लगेगा 26वां निःशुल्क सेवा शिविर, 70 सेवादार होंगे रवाना

बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी एक बार फिर अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए तैयार है। श्री बाबा काशी विश्वनाथ सेवा समिति की ओर से इस वर्ष भी जम्मू-कश्मीर के चंदनबाड़ी आधार शिविर में 26वें विशाल निःशुल्क सेवा भंडारे का आयोजन किया जाएगा। जुलाई से रक्षाबंधन तक संचालित होने वाले इस सेवा शिविर में देशभर से आने वाले हजारों अमरनाथ यात्रियों के लिए भोजन, आवास और आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
 

वाराणसी। बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी एक बार फिर अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए तैयार है। श्री बाबा काशी विश्वनाथ सेवा समिति की ओर से इस वर्ष भी जम्मू-कश्मीर के चंदनबाड़ी आधार शिविर में 26वें विशाल निःशुल्क सेवा भंडारे का आयोजन किया जाएगा। जुलाई से रक्षाबंधन तक संचालित होने वाले इस सेवा शिविर में देशभर से आने वाले हजारों अमरनाथ यात्रियों के लिए भोजन, आवास और आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।

शिवाला स्थित होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में समिति के अध्यक्ष दिलीप सिंह बंटी ने बताया कि सेवा शिविर की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। उन्होंने बताया कि 20 जून को 10 सदस्यीय पहला दल चंदनबाड़ी पहुंचकर टेंट, रसोई और अन्य व्यवस्थाएं स्थापित करने में जुट गया है। इसके बाद 28 जून को 70 सदस्यीय दूसरा सेवा दल विवेक श्रीवास्तव के नेतृत्व में बेगमपुरा एक्सप्रेस से जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना होगा।

सेवादारों के प्रस्थान से पहले 28 जून की सुबह 7:30 बजे लक्सा स्थित होटल जसलोक से 300 से 400 बाइकों की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। कौड़िया अस्पताल के सामने से शुरू होने वाली यह रैली भेलूपुर, शिवाला, सोनारपुरा, गोदौलिया, बांसफाटक, चौक, मैदागिन और लहुराबीर होते हुए वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। रैली में भगवान शिव के हिम स्वरूप शिवलिंग की आकर्षक झांकी और डमरू दल विशेष आकर्षण होंगे। महादेव के जयघोष के बीच यह रैली अमरनाथ यात्रा के प्रति श्रद्धा और सेवा का संदेश देगी।

समिति ने बताया कि चंदनबाड़ी शिविर में यात्रियों को बनारसी कचौड़ी, जलेबी, ठंडाई और पान के साथ-साथ पूड़ी-सब्जी, दाल-चावल, पावभाजी, इडली, मसाला डोसा, दूध और अन्य पौष्टिक भोजन प्रतिदिन निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा लगभग 300 श्रद्धालुओं के रात्रि विश्राम की व्यवस्था भी की गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए कंबल, स्वेटर, शॉल, जूते, मोजे, टोपी, मास्क सहित अन्य आवश्यक सामग्री भी निःशुल्क उपलब्ध रहेगी।

दिलीप सिंह बंटी ने श्रद्धालुओं से अमरनाथ यात्रा को लेकर किसी प्रकार की आशंका न रखने की अपील करते हुए कहा कि इस वर्ष सुरक्षा व्यवस्था पहले से कहीं अधिक सुदृढ़ है। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा बलों की व्यापक तैनाती की गई है। जिन श्रद्धालुओं का पूर्व पंजीकरण नहीं हो सका है, उनके लिए जम्मू, श्रीनगर और पहलगाम में ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है। समिति भी अब तक अनेक श्रद्धालुओं के पंजीकरण में सहयोग कर चुकी है।

उन्होंने बताया कि 10 जुलाई को राजकोट (गुजरात) से भी एक सेवा दल गुजराती भोजन सामग्री के साथ चंदनबाड़ी पहुंचेगा। समिति पिछले 26 वर्षों से निरंतर अमरनाथ यात्रियों की सेवा करती आ रही है। इस वर्ष भी काशी के सेवादार निःस्वार्थ भाव से बाबा बर्फानी के भक्तों की सेवा में जुटेंगे। समिति ने काशीवासियों से 28 जून को आयोजित बाइक रैली में शामिल होकर सेवादारों का उत्साहवर्धन करने और इस सेवा अभियान को सफल बनाने की अपील की है।