वाराणसी में जल्द दौड़ेंगी 250 नई सिटी बसें, वीडीए बनाएगा आधुनिक शेल्टर
वाराणसी। शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मंडलायुक्त एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में सोमवार को सिटी इम्पावरमेंट समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में शहर में 250 नई सिटी बसें चलाने का निर्णय लिया गया। इसके लिए 175 बसों के संचालन हेतु भूमि उपलब्ध कराने के लिए नगर आयुक्त को अधिकृत किया गया है।
बैठक में यह भी तय हुआ कि वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) अगले एक माह के भीतर शहर में आधुनिक बस शेल्टर का निर्माण शुरू करेगा। इन शेल्टरों का निर्माण नई बसों के मार्गों को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा। इसके लिए एचसीएल (यातायात) को आवश्यक कार्यवाही का जिम्मा सौंपा गया है।
बैठक में बताया गया कि ई-बसों के संचालन के लिए 14 डिपो बनाए जाएंगे, जिनके निर्माण कार्य में तेजी लाई जा रही है। इन डिपो के निर्माण पर लगभग 14 करोड़ रुपये प्रतिमाह भुगतान किया जा रहा है। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम और आधुनिक बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, इसलिए योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में वीडीए उपाध्यक्ष, नगर आयुक्त, एचसीएल ट्रैफिक शाखा के अधिकारी समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।