IIT BHU के दीक्षांत समारोह में 2,048 विद्यार्थियों को मिलेगी डिग्री, कुमार मंगलम बिरला होंगे मुख्य अतिथि, मेधावियों को 97 गोल्ड और दो सिल्वर मेडल 

आईआईटी बीएचयू का 15वां दीक्षांत समारोह 31 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। बीएचयू स्थित स्वतंत्रता भवन में सुबह 10 बजे शुरू होने वाले समारोह में विभिन्न स्नातक, परास्नातक और शोध कार्यक्रमों के कुल 2,048 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। आदित्य बिरला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिरला समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।
 

वाराणसी। आईआईटी बीएचयू का 15वां दीक्षांत समारोह 31 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। बीएचयू स्थित स्वतंत्रता भवन में सुबह 10 बजे शुरू होने वाले समारोह में विभिन्न स्नातक, परास्नातक और शोध कार्यक्रमों के कुल 2,048 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। आदित्य बिरला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिरला समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।

बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में संस्थान के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने दीक्षांत समारोह की तैयारियों, उपाधियों के विवरण और मेधावी विद्यार्थियों को दिए जाने वाले सम्मान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, शोध और नवाचार को सम्मानित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल और विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।

छह श्रेणियों में मिलेंगी उपाधियां
निदेशक के अनुसार, इस वर्ष कुल 2,048 उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें बीटेक की 1,106, इंटीग्रेटेड डुअल डिग्री (आईडीडी) की 385, एमटेक और एमफार्मा की 322, पीएचडी की 182, एमएससी की 39 तथा बीआर्क की 14 उपाधियां शामिल हैं। संस्थान के अनुसार, ये उपलब्धियां तकनीकी शिक्षा, उच्चस्तरीय शोध और नवाचार के क्षेत्र में उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

मेधावियों को मिलेंगे मेडल और नकद पुरस्कार
दीक्षांत समारोह में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए 62 विद्यार्थियों के नाम सूचीबद्ध किए गए हैं, जिनमें कई विद्यार्थियों को एक से अधिक सम्मान मिलेंगे। पुरस्कारों में 97 गोल्ड मेडल, दो सिल्वर मेडल और 25 नकद पुरस्कार शामिल हैं।

प्रमुख सम्मानों में प्रेसिडेंट्स गोल्ड मेडल शामिल है, जो बीटेक, बीआर्क और इंटीग्रेटेड डुअल डिग्री कार्यक्रमों में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए दिया जाता है। वहीं, सर्वांगीण प्रदर्शन, संगठनात्मक क्षमता और नेतृत्व कौशल के लिए दो विद्यार्थियों को डायरेक्टर्स गोल्ड मेडल प्रदान किए जाएंगे।

विशिष्ट अतिथि होंगे बीएचयू के कुलपति
समारोह की अध्यक्षता आईआईटी (बीएचयू) के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन डॉ. कोटा हरिनारायण करेंगे। बीएचयू के कुलपति और आईआईटी (बीएचयू) के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के वाइस चेयरमैन प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह का पूर्वाभ्यास 30 अक्टूबर को शाम चार बजे स्वतंत्रता भवन में होगा। डीन (एकेडमिक अफेयर्स) प्रो. देवेंद्र सिंह, विभिन्न एसोसिएट डीन, कुलसचिव सुमित कुमार बिस्वास, संस्थान के अन्य शिक्षक और अधिकारी उपस्थित रहे।