IIT-BHU के दीक्षांत समारोह में 2048 विद्यार्थियों को मिली उपाधि, हरजस कौर, प्रतीक त्रिपाठी और मेहुल कुमार लखादिवे को गोल्ड मेडल, 62 मेधावियों को मिले पदक और पुरस्कार
स्वतंत्रता भवन में आयोजित हुआ दीक्षांत समारोह, छह श्रेणियों में बांटी गईं उपाधियां, 1106 बीटेक, 385 आईडीडी और 182 पीएचडी की उपाधि
आदित्य बिरला समूह के अध्यक्ष कुमार मंगलम बिरला रहे मुख्य अतिथि, बोले- युवा अपनी प्रतिभा और नवाचार से राष्ट्र निर्माण में निभाएं महत्वपूर्ण भूमिका
वाराणसी। आईआईटी बीएचयू का 15वां दीक्षांत समारोह शनिवार को स्वतंत्रता भवन में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित हुआ। समारोह में विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर और शोध कार्यक्रमों के कुल 2048 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। आदित्य बिरला समूह के अध्यक्ष एवं समारोह के मुख्य अतिथि कुमार मंगलम बिरला को मानद डॉक्टर ऑफ साइंस की उपाधि से सम्मानित किया गया। वहीं, शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए हरजस कौर को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति स्वर्ण पदक प्रदान किया गया।
समारोह की अध्यक्षता आईआईटी (बीएचयू) के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष डॉ. कोटा हरिनारायण ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में बीएचयू के कुलपति एवं बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के उपाध्यक्ष प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी उपस्थित रहे। बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सदस्य डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय भी समारोह में शामिल हुए।
छह श्रेणियों में प्रदान की गईं उपाधियां
संस्थान के निदेशक एवं सीनेट अध्यक्ष प्रो. अमित पात्रा ने निदेशक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों, शोध गतिविधियों, तकनीकी प्रगति और संस्थागत विकास की जानकारी दी। इस वर्ष कुल 2048 उपाधियों में 1106 बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी (बीटेक), 385 इंटीग्रेटेड ड्यूल डिग्री (आईडीडी), 322 मास्टर ऑफ टेक्नोलॉजी एवं मास्टर ऑफ फार्मेसी, 182 पीएचडी, 39 एमएससी और 14 बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर की उपाधियां शामिल रहीं।
हरजस कौर को राष्ट्रपति स्वर्ण पदक
समारोह में शैक्षणिक उत्कृष्टता और विशिष्ट उपलब्धियों के लिए कुल 62 विद्यार्थियों को विभिन्न पदक एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। इनमें स्वर्ण पदक, रजत पदक, संस्थान एवं विभागीय पदक, स्मृति एवं न्यास पदक तथा नकद पुरस्कार शामिल रहे। इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभाग की हरजस कौर को राष्ट्रपति स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। वहीं, सिविल इंजीनियरिंग विभाग के लखादिवे मेहुलकुमार राजकुमार और कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के प्रतीक त्रिपाठी को निदेशक स्वर्ण पदक प्रदान किया गया।
कुमार मंगलम बिरला को मानद डॉक्टर ऑफ साइंस
समारोह का प्रमुख आकर्षण मुख्य अतिथि कुमार मंगलम बिरला को मानद डॉक्टर ऑफ साइंस की उपाधि प्रदान किया जाना रहा। अध्यक्ष, सीनेट की ओर से उनका परिचय और प्रशस्ति-पत्र प्रस्तुत किए जाने के बाद निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने उन्हें यह उपाधि प्रदान की। मुख्य अतिथि ने दीक्षांत संबोधन में विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए व्यावसायिक उपलब्धियों के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।
वैदिक मंत्रोच्चार से हुआ शुभारंभ
समारोह की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शैक्षणिक शोभायात्रा के आगमन से हुई। इसके बाद अतिथियों ने महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। मंगलाचरण, राष्ट्रगीत और संस्थान के कुलगीत की प्रस्तुति के बाद औपचारिक रूप से दीक्षांत समारोह का शुभारंभ हुआ। उपाधियों और पदकों के वितरण के बाद अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट किए गए। कुलसचिव सुमित कुमार बिस्वास ने धन्यवाद ज्ञापन किया। राष्ट्रगान और वैदिक मंत्रों के साथ समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर संस्थान के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और उनके अभिभावक मौजूद रहे।