वाराणसी में बिना मान्यता संचालित हो रहे स्कूलों पर कसा शिकंजा, 18 विद्यालयों को कराया बंद, 6 को नोटिस
वाराणसी। जिला प्रशासन और बेसिक शिक्षा विभाग ने जिले में बिना मान्यता संचालित हो रहे 24 स्कूलों पर कार्रवाई की है। 18 विद्यालयों पर कार्रवाई करते हुए बंद करा दिया है। वहीं 6 को नोटिस जारी की गई है। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद और बेसिक शिक्षा परिषद के निर्देशों के अनुपालन में की गई है। कार्रवाई के बाद स्कूल संचालकों में खलबली मची है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि जिन विद्यालयों पर कार्रवाई की गई है, वे बिना मान्यता के संचालित हो रहे थे। कई स्कूलों ने न तो बेसिक शिक्षा विभाग से अनुमति ली थी और न ही माध्यमिक शिक्षा परिषद से संबद्धता प्राप्त की थी। इसके बावजूद ये विद्यालय बच्चों का प्रवेश लेकर संचालन कर रहे थे, जो नियमों का गंभीर उल्लंघन है।
जांच में सामने आईं गंभीर खामियां
शिक्षा विभाग की जांच में कई चौंकाने वाली अनियमितताएं सामने आईं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार अधिकांश विद्यालय निश्शुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत निर्धारित बुनियादी मानकों को पूरा नहीं कर रहे थे।
जांच में पाया गया कि कई स्कूलों में शुद्ध पेयजल, शौचालय, खेल मैदान और पर्याप्त कक्षाओं जैसी बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं थीं। वहीं कई विद्यालयों में नियुक्त शिक्षक टीईटी, बीएड या बीटीसी जैसी अनिवार्य योग्यता नहीं रखते थे। कई संस्थानों के पास वैध यूडीआइएसई कोड और मान्यता प्रमाणपत्र भी नहीं मिला।
अधिकारियों ने यह भी पाया कि कुछ विद्यालय एक मान्यता प्राप्त स्कूल के नाम पर अलग-अलग स्थानों पर अवैध शाखाएं संचालित कर रहे थे। विभाग ने इसे गंभीर धोखाधड़ी मानते हुए सख्त कार्रवाई की है।
इन विद्यालयों पर गिरी गाज
कार्रवाई की जद में आने वाले विद्यालयों में पीआरसी चिल्ड्रेन अकादमी चांदपुर मुस्तफाबाद, सरस्वती ज्ञान मंदिर रामचंदीपुर, एसएमपीएन इंटरनेशनल इंग्लिश स्कूल तोफापुर, एमपीएस शिक्षण संस्थान बभनपुरा, गुरुनानक अर्ली लर्निंग स्कूल बड़ागांव, विक्टर वैली पब्लिक स्कूल कथैली बाबतपुर, त्रिपदा पब्लिक स्कूल बड़ागांव, सरस्वती विद्या मंदिर आमैत, मां दुर्गा बाल विद्यामंदिर ओदार, सरस्वती विद्या मंदिर ओदार, एलपी पब्लिक स्कूल जगदीशपुर, बाबा श्याम सुंदर विद्यालय भानपुर, गोल्डन राज पब्लिक स्कूल कुरौना, मां जानकी विद्या मंदिर गाजापुर, आदित्य पब्लिक स्कूल गौरा, सरस्वती बाल विद्या मंदिर जक्खिनी, मां कंचन देवी शिक्षा संस्थान बेनीपुर और कमला देवी विद्यालय सरायशेख लार्ड शामिल हैं।
ब्लॉकों में सबसे अधिक कार्रवाई
शिक्षा विभाग के अनुसार अलग-अलग विकास खंडों में अमान्य विद्यालयों की संख्या इस प्रकार पाई गई है -
पिंडरा – 7 विद्यालय
आराजीलाइन – 5 विद्यालय
चिरईगांव – 4 विद्यालय
बड़ागांव – 3 विद्यालय
सेवापुरी – 3 विद्यालय
हरहुआ – 2 विद्यालय
अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील
सहायक निदेशक, वाराणसी मंडल बेसिक शिक्षा परिषद हेमंत राव ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों का प्रवेश कराने से पहले विद्यालय की मान्यता, यूडीआइएसई कोड और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच अवश्य कर लें। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर मानक पूरे नहीं करने वाले अन्य संदिग्ध विद्यालयों पर भी विभाग की नजर बनी हुई है।