एयर शो देखने रोजाना आएंगे 15 लाख दर्शक, घाटों के आसपास का एरिया नो ह्वीकल जोन, जानिये पुलिस का ट्रैफिक प्लान
वाराणसी। शहर में 22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो को लेकर पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन में प्रतिदिन करीब 15 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान है। भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा, यातायात और पार्किंग की व्यवस्था को लेकर व्यापक योजना बनाई गई है। 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री के आगमन की संभावना को देखते हुए भी तैयारियां की जा रही हैं।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि एयर शो के लिए 75 अस्थायी थाने बनाए गए हैं। इन थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। पुलिसकर्मी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ बैरिकेडिंग और अन्य तैयारियां करा रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि वाराणसी के लोग शहर की तरफ से ही एयर शो देख सकें, जबकि चंदौली और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को दूसरी तरफ से बेहतर दृश्य मिल सके। इन क्षेत्रों में भी बैरिकेडिंग के साथ पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है।
पुलिस आयुक्त के अनुसार, पार्किंग की व्यवस्था इस तरह की जा रही है कि दर्शकों को कम से कम परेशानी हो और शहर के अंदरूनी मार्गों, रिंग रोड तथा हाईवे पर यातायात प्रभावित न हो। घाटों के आसपास एक से डेढ़ किलोमीटर के दायरे को नो व्हीकल जोन बनाया जाएगा। दर्शकों को अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े करने होंगे। पार्किंग में पहले पहुंचने वालों को आयोजन स्थल तक करीब 500 मीटर पैदल चलना पड़ सकता है, जबकि देर से पहुंचने वालों को डेढ़ किलोमीटर तक पैदल जाना पड़ सकता है।
सारनाथ क्षेत्र के घाटों को भी दर्शकों के लिए विकसित किया जा रहा है। यहां से एयर शो का अच्छा दृश्य दिखाई देने की उम्मीद है। करीब दो किलोमीटर के क्षेत्र में आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। आयोजन के दौरान गंगा में नौका संचालन बंद रहेगा। नदी को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को तैनात किया जाएगा। पुलिस और प्रशासन का जोर सुरक्षा के साथ-साथ यातायात को सामान्य बनाए रखने पर है, ताकि एयर शो देखने आने वाले लोगों के साथ आम नागरिकों को भी अनावश्यक परेशानी न हो।