वाराणसी में 3.33 करोड़ की 11 सड़कों का हुआ निर्माण, राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने जनता को किया समर्पित

शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में 3.33 करोड़ रुपये की लागत से 11 सड़कों का निर्माण कराया गया है। स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने मंगलवार को नवनिर्मित सड़कों का लोकार्पण किया। ये कार्य डूडा (DUDA) के माध्यम से कराए गए हैं।
 

वाराणसी। शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में 3.33 करोड़ रुपये की लागत से 11 सड़कों का निर्माण कराया गया है। स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने मंगलवार को नवनिर्मित सड़कों का लोकार्पण किया। ये कार्य डूडा (DUDA) के माध्यम से कराए गए हैं।

लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि आमजन के सुगम आवागमन के लिए केवल मुख्य मार्ग ही नहीं, बल्कि आंतरिक गलियों और मोहल्लों की सड़कों को भी प्राथमिकता के साथ दुरुस्त कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं से स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी और क्षेत्र में विकास की रफ्तार तेज होगी।

लोकार्पित कार्यों में वार्ड सरसौली और सारनाथ क्षेत्र की कई सड़कों व इंटरलॉकिंग परियोजनाएं शामिल हैं। इनमें मीरापुर बसही, नवलपुर, श्री कृमणपुरम कॉलोनी और शारदा बिहार कॉलोनी जैसे क्षेत्रों में सीवर इंटरलॉकिंग, गली-पिट निर्माण और सड़कों का सुदृढ़ीकरण कराया गया है।

इसके अलावा सारनाथ क्षेत्र में मिथिलेश नगर कॉलोनी, बुद्धनगर और घुरहुपुर बुद्धसिटी फेज-1 में भी सड़क निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं पर लाखों रुपये की लागत आई है, जिससे स्थानीय बस्तियों में बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी।

राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य शहर के हर हिस्से तक विकास की रोशनी पहुंचाना है, ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरे किए जाएं।

इस अवसर पर विभागीय अधिकारी, क्षेत्रीय पार्षद और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। स्थानीय नागरिकों ने सड़कों के निर्माण को लेकर खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।