रामनवमी पर 108 कन्याओं का हुआ पूजन, दिए उपहार, आस्था, शक्ति और सकारात्मकता का दिया संदेश 

काशी में चैत्र नवरात्र और रामनवमी के पावन अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अनूठा दृश्य देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में चन्दुआ हबीबपुरा क्षेत्र में ‘वन्दनीय यंग ब्वॉयज क्लब’ द्वारा एक भव्य धार्मिक आयोजन किया गया, जिसमें सेवा और आस्था का सुंदर संगम नजर आया।
 

वाराणसी। काशी में चैत्र नवरात्र और रामनवमी के पावन अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अनूठा दृश्य देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में चन्दुआ हबीबपुरा क्षेत्र में ‘वन्दनीय यंग ब्वॉयज क्लब’ द्वारा एक भव्य धार्मिक आयोजन किया गया, जिसमें सेवा और आस्था का सुंदर संगम नजर आया।

कार्यक्रम के तहत 108 कन्याओं का विधि-विधान से पूजन किया गया और उन्हें ससम्मान भोजन प्रसाद कराया गया। श्रद्धालुओं ने कन्याओं को हलवा, पुरी, फल सहित विभिन्न प्रकार के व्यंजन परोसे। पूजन के बाद कन्याओं को उपहार स्वरूप सामग्री भेंट कर जयकारों के बीच विदा किया गया। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा।

आयोजकों ने इस अवसर पर क्षेत्र में आकर्षक बैनर और पोस्टर भी लगाए, जिनके माध्यम से लोगों को रामनवमी की शुभकामनाएं दी गईं। बैनरों पर मां दुर्गा की भव्य छवियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं और उन्होंने लोगों के बीच आस्था, शक्ति और सकारात्मकता का संदेश फैलाया।

क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान करना ही नहीं, बल्कि समाज में भाईचारे, एकता और सेवा भावना को मजबूत करना भी है। हर वर्ष की तरह इस बार भी कार्यक्रम को उत्साह और श्रद्धा के साथ आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष आशीष केसरी, कोषाध्यक्ष रितेश केसरी, उपाध्यक्ष राकेश सिंह उपाध्याय, संगठन मंत्री श्रवण कुमार, महामंत्री राजेश केसरी, शेखर जोशी सहित अन्य सदस्य और क्षेत्र के अनेक लोग मौजूद रहे।