तीरंदाजी में राष्ट्रीय स्तर पर दम दिखाएंगे संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के 10 खिलाड़ी, तेजपुर में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में लेंगे हिस्सा
वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के 10 तीरंदाज खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी तीरंदाजी प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। असम के तेजपुर में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता के लिए विश्वविद्यालय में अंतरमहाविद्यालयीय तीरंदाजी प्रतियोगिता-2026 के माध्यम से खिलाड़ियों का चयन किया गया। इसमें खिलाड़ियों ने अपनी निशानेबाजी, एकाग्रता और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित चयन प्रक्रिया के तहत रिकर्व, इंडियन, कंपाउंड और महिला रिकर्व स्पर्धाओं के लिए खिलाड़ियों को चुना गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन को उम्मीद है कि चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर संस्थान का गौरव बढ़ाएंगे।
चार स्पर्धाओं में हुआ खिलाड़ियों का चयन
अंतरमहाविद्यालयीय प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर रिकर्व राउंड में विशु, विशाल सिंह, अक्षत सिंह और जयकुमार का चयन किया गया है। इंडियन राउंड में अंकित निषाद, भार्गव, निहाल चौहान और महेश पटेल विश्वविद्यालय की ओर से प्रतिभाग करेंगे। वहीं, कंपाउंड राउंड में अंश सिंह और महिला रिकर्व राउंड में वर्षा जटराना को चयनित किया गया है। इस प्रकार चारों स्पर्धाओं में कुल 10 खिलाड़ी आगामी अंतरविश्वविद्यालयीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
खेल से विकसित होता है अनुशासन और आत्मविश्वास
कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, एकाग्रता, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विश्वविद्यालय शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ खेल के क्षेत्र में भी विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
नियमित अभ्यास सफलता का आधार
विश्वविद्यालय के खेल प्रभारी डॉ. कुप्पा बिल्वेश ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि नियमित अभ्यास, समर्पण और खेल भावना सफलता के प्रमुख आधार हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से प्रतियोगिता के लिए पूरी तैयारी और आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया। इस अवसर पर तीरंदाजी खेल प्रशिक्षक आदित्य कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।