यूटीटी 2026: यूपी प्रोमेथियंस ने चेन्नई फ्रेंचाइजी की जगह ली, सीजन 7 में होगी एंट्री
नई दिल्ली, 31 मार्च (हि.स.)। अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) के आगामी सीजन 7 से पहले बड़ा बदलाव देखने को मिला है। लीग ने घोषणा की है कि यूपी प्रोमेथियंस टीम ने स्टेनली’ चेन्नई लायंस की जगह लेते हुए प्रतियोगिता में अपनी जगह बना ली है।
यूपी प्रोमेथियंस के मालिक उद्यमी और बिट्स पिलानी के पूर्व छात्र मुकेश शर्मा हैं। यह टीम ड्रीम स्पोर्ट्स फाउंडेशन और यूटीटी के संयुक्त प्रयास ‘ड्रीम यूटीटी जूनियर्स’ में भी भाग लेगी, जिसका उद्देश्य जमीनी स्तर पर टेबल टेनिस को बढ़ावा देना है।
इससे पहले लीग ने जयपुर पैट्रियट्स को फ्रेंचाइजी समझौते के नियमों के बार-बार उल्लंघन और भुगतान में चूक के कारण बाहर कर दिया था। जयपुर टीम पिछले सीजन की उपविजेता रही थी।
इस फैसले पर यूटीटी के सीईओ एकांश गुप्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में लीग का विस्तार होना एक सकारात्मक कदम है। इससे न केवल खेल को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि देशभर में लीग की पहुंच भी मजबूत होगी।
टीम मालिक मुकेश शर्मा ने कहा कि वह इस लीग का हिस्सा बनकर उत्साहित हैं और यूपी प्रोमेथियंस के माध्यम से एक मजबूत और प्रतिस्पर्धी टीम तैयार करने का लक्ष्य रखते हैं, जो भारत को ओलंपिक स्तर तक पहुंचाने में योगदान दे सके।
यूटीटी का सातवां सीजन जुलाई में गोवा में आयोजित होगा, जिसमें कुल सात टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें मौजूदा चैंपियन यू मुम्बा, अहमदाबाद एसजी पाइपर्स, दबंग दिल्ली टीटीसी, डेम्पो गोवा चैलेंजर्स, कोलकाता थंडर ब्लेड्स, पीबीजी पुणे जगुआर्स और यूपी प्रोमेथियंस शामिल हैं। प्रतियोगिता राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में खेली जाएगी, जहां हर टीम एक-दूसरे से एक-एक मुकाबला खेलेगी। इस सीजन में कुल 24 मुकाबले खेले जाएंगे, जो पिछले दो सीजन के मुकाबले एक अधिक है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे