महिला वॉलीबाल प्रतियोगिता : केंद्रीय विद्यालय इफको फूलपुर ने जीता उद्घाटन मैच

 


--प्रधान डाकघर में दो दिवसीय राधे कप जिला महिला वालीबाल प्रतियोगिता का हुआ शुभारम्भ

प्रयागराज, 10 मई (हि.स)। सिविल लाइंस स्थित प्रधान डाकघर के क्रीड़ा स्थल पर डिस्ट्रिक्ट वॉलीबाल एसोसिएशन द्वारा पूर्व अंतरराष्ट्रीय वॉलीबाल खिलाड़ी स्व.राधेश्याम श्रीवास्तव की स्मृति में उनके पुण्यतिथि के अवसर पर सार्फ फाउंडेशन के सहयोग से दो दिवसीय ‘राधे कप जिला स्तरीय महिला वॉलीबाल प्रतियोगिता’ शुरू हुई। जिसका उद्घाटन मुकाबला केंद्रीय विद्यालय इफको फूलपुर ने जीता।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि इलाहाबाद के सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने स्व. राधेश्याम श्रीवास्तव की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के पश्चात फीता काटकर खेल प्रारम्भ की घोषणा की। उद्घाटन मैच जगत तारन गर्ल्स इंटर कॉलेज और केंद्रीय विद्यालय इफको फूलपुर के बीच खेला गया। जिसमें केंद्रीय विद्यालय इफको फूलपुर ने जगत तारन गर्ल्स इंटर कॉलेज को 25-20 व 25-23 अंकों से हराकर प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच जीत लिया।

एसोसिएशन के महासचिव आर.पी.शुक्ला ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 08 टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में विशिष्ट अतिथि जिला ओलम्पिक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नारायणजी गोपाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। आयोजन सचिव राजेश वर्मा ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का बैच लगाकर स्वागत किया। प्रतियोगिता के खेले गए अन्य मैचों में आनंद फौजी एकेडमी ने महाप्रभु पब्लिक स्कूल को 25-21 व 25-18 अंकों से, केंद्रीय विद्यालय ने स्टेट यूनिवर्सिटी को 25-22 व 25-16 अंकों से तथा केंद्रीय विद्यालय इफको फूलपुर ने जगत तारन गर्ल्स इंटर कॉलेज को 25-23 व 25-21 अंकों से हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया।

वहीं खेल प्रतियोगिता एवं श्रद्धांजलि समारोह में आए पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जॉर्डन एच नाथ, सार्फ फाउंडेशन की सचिव शालिनी श्रीवास्तव, अल्ताफ अली, सी.डी.पाल, राजेश श्रीवास्तव, राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष अर्चना गुप्ता, विजया सिंह, मुकेश शुक्ला, नीलेश श्रीवास्तव, फूलचंद गुप्ता, विमलेश कुमार, राजू पाल, भैयाराम यादव, डॉ.प्रियकांत पाठक, नीरज श्रीवास्तव, विजय सिंह, प्रभाकर चौबे, शिव शंकर, आर.पी.राय, अलीउद्दीन खान, संतोष कुमार व नृपजीत सचान आदि जनपद के कई वरिष्ठ खिलाड़ियों ने उपस्थित होकर स्व.राधेश्याम श्रीवास्तव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

अंत में सार्फ फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं आयोजन समिति के चेयरमैन राकेश श्रीवास्तव ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया। सोमवार को दोपहर 3 बजे से राधे कप महिला वॉलीबाल प्रतियोगिता के सेमीफाइनल एवं फाइनल मैच खेले जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र