दीपा मलिक ने 28वीं विश्व पैरा आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप का किया उद्घाटन

 


नई दिल्ली, 01 नवंबर (हि.स.)। भारत की पहली महिला पैरालंपिक पदक विजेता एवं पद्मश्री सम्मानित दीपा मलिक ने रविवार को पूर्वी दिल्ली स्थित एक होटल में 28वीं विश्व पैरा आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप का उद्घाटन किया।

यह प्रतियोगिता 47वीं विश्व आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप के साथ आयोजित की जा रही है, जो 26 अक्टूबर से शुरू होकर 7 नवंबर तक चलेगी। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दुनिया के 60 से अधिक देशों के 400 से ज्यादा पैरा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

उद्घाटन समारोह में भारतीय पैरालंपिक समिति के उपाध्यक्ष और पेरिस 2024 पैरालंपिक खेलों में भारतीय दल के पूर्व शेफ डी मिशन सत्य प्रकाश सांगवान भी मौजूद रहे।

डॉ. दीपा मलिक वर्तमान में एशियाई पैरालंपिक समिति के कार्यकारी बोर्ड में दक्षिण एशिया की उप-क्षेत्रीय प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं। वह भारतीय पैरालंपिक समिति की पूर्व अध्यक्ष भी रह चुकी हैं।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए दीपा मलिक ने सभी खिलाड़ियों और प्रतिनिधियों का स्वागत किया। उन्होंने पीपुल्स आर्मरेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की अध्यक्ष, एशियन आर्मरेसलिंग फेडरेशन की उपाध्यक्ष एवं प्रो पंजा लीग क सह संस्थापक प्रीति झंगियानी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रीति झंगियानी के माध्यम से उन्हें विश्व आर्मरेसलिंग महासंघ के अध्यक्ष एसेन हाडजिटोदोरोव और महासचिव मिर्सिया सिमियोनेस्कु-सिमिसेल से जुड़ने का अवसर मिला।

उन्होंने कहा कि खेल का असली उद्देश्य दोस्ती को बढ़ावा देना, बाधाओं को दूर करना और सीमाओं से आगे बढ़कर लोगों को एकजुट करना है। खेल हमें अलग-अलग संस्कृतियों को समझने और एक-दूसरे से सीखने का अवसर देता है। यही सच्ची खेल भावना है।

दीपा मलिक ने कहा कि 60 से अधिक देशों के 400 से ज्यादा पैरा खिलाड़ियों का भारत में एक साथ जुटना देश में समावेशी खेल व्यवस्था के विकास को दर्शाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सभी के लिए समान अवसर और समावेशी विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।

उन्होंने बताया कि जब भारत को बुल्गारिया में इन चैंपियनशिप की मेजबानी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, तब वह स्वयं वहां मौजूद थीं। अब इसे साकार होते देखकर मुझे बहुत खुशी हो रही है। उन्होंने इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के आयोजन के लिए प्रीति झंगियानी और प्रो पंजा लीग के सह-संस्थापक परवीन डबास का आभार व्यक्त किया।

दीपा मलिक ने कहा कि पैरा आर्मरेसलिंग बहुत ही लोकप्रिय खेल बनता जा रहा है। खुद एक एथलीट होने के नाते, यह मेरे लिए व्यक्तिगत खुशी की पल है। भारत में अभी त्योहारों का समय भी है और कुछ ही दिनों में हम दिवाली मनाएंगे इसलिए मेरी तरफ से सभी को त्योहारों की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। मैं उम्मीद करती हूं कि यह खेल आयोजन सभी के लिए बहुत शानदार रहे।

सत्य प्रकाश सांगवान ने आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि भारत में इतनी बड़ी संख्या में विभिन्न देशों के खिलाड़ियों का पहुंचना खुशी की बात है। उन्होंने सभी आयोजकों, विशेष रूप से प्रीति झंगियानी को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह