जीपीकेएल सीजन-2 में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को जोड़ने के लिए लागू होगी ड्राफ्ट प्रणाली

 


नई दिल्ली, 01 मार्च (हि.स.)। यूरोप, अफ्रीका और एशिया के विभिन्न देशों से अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की भागीदारी की पुष्टि के बाद ग्लोबल प्रवासी कबड्डी लीग (जीपीकेएल) ने रविवार को घोषणा की कि सीजन-2 में संतुलित और प्रतिस्पर्धी टीमें तैयार करने के उद्देश्य से एक संरचित प्लेयर ड्राफ्ट प्रणाली लागू की जाएगी।

यह ड्राफ्ट प्रणाली घरेलू और अंतरराष्ट्रीय प्रतिभाओं को एकीकृत करने के लिए तैयार की गई है। जीपीकेएल सीजन 2 में प्रत्येक फ्रेंचाइज़ी दो टीमें एक पुरुष और एक महिला टीम उतारेगी। इसके अतिरिक्त प्रत्येक टीम में घरेलू और प्रवासी खिलाड़ियों का मिश्रण अनिवार्य होगा, जो भारत की मजबूत कबड्डी परंपरा को उभरती वैश्विक भागीदारी से जोड़ने की लीग की मूल भावना को प्रतिबिंबित करता है।

अपने पहले सीजन में जीआईपीकेएल के रूप में शुरुआत करने के बाद सीजन 2 की यह ड्राफ्ट प्रणाली पेशेवर रूप से संगठित और प्रतिस्पर्धात्मक संतुलन वाली टीमों के निर्माण की दिशा में अगला कदम है, जिसमें अंतरराष्ट्रीय समावेशन को भी प्राथमिकता दी गई है। इस मॉडल के तहत संरचित ट्रायल्स से उभरने वाले खिलाड़ियों का तकनीकी कौशल, फिटनेस, सामरिक समझ और टीम के अनुरूप ढलने की क्षमता के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा, जिसके बाद उन्हें केंद्रीय ड्राफ्ट पूल में शामिल किया जाएगा।

फ्रेंचाइज़ी टीमें अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप कोच-नेतृत्व वाली रणनीतिक प्रक्रिया के माध्यम से इस ड्राफ्ट पूल से खिलाड़ियों का चयन करेंगी।सीजन 2 में इंग्लैंड, नीदरलैंड, पोलैंड, हंगरी, चेक गणराज्य, जर्मनी, तंजानिया, केन्या, कैमरून, हांगकांग और ताइवान सहित कई देशों के पुरुष और महिला खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है, जो भारत के प्रमुख कबड्डी राज्यों के घरेलू खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करेंगे।

प्रवासी अवधारणा पर हिप्सा की अध्यक्ष कांथी डी सुरेश ने कहा कि प्रवासी तत्व जीपीकेएल की दृष्टि का केंद्र है। किसी भी देश से आने वाला खिलाड़ी केवल लीग में भाग नहीं लेता, बल्कि अपने देश लौटने पर वह इस खेल का प्रतिनिधि बन जाता है। इससे कबड्डी के अंतरराष्ट्रीय विस्तार और नए दर्शकों तक पहुंच बनाने का स्वाभाविक मार्ग तैयार होता है।

घरेलू और प्रवासी खिलाड़ियों के समावेशन के साथ संरचित प्रक्रिया के माध्यम से टीमों के गठन को सक्षम बनाकर, जीपीकेएल स्वयं को एक पेशेवर रूप से संचालित मंच के रूप में स्थापित कर रहा है, जिसका उद्देश्य कबड्डी को वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय बनाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे