चक्रधर क्लब बैडमिंटन टूर्नामेंट का आगाज
रायगढ़ , 04 मई (हि.स.)।चक्रधर क्लब में प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी परीक्षाएं समाप्त होने के पश्चात बालक , बालिकाओं को प्रोत्साहित करने के पावन उद्देश्य के साथ चक्रधर क्लब बैडमिंटन प्रतियोगिता 3 मई से 6 मई तक रखी गई है ।
पूरा आयोजन छत्तीसगढ़ बैडमिंटन संघ के उपाध्यक्ष , जिला बैडमिंगन संघ के अध्यक्ष , चक्रधर क्लब के प्रबंधक एवं कोच अकरम खान द्वारा किया गया। जिसमें बालक एवं बालिकाओं के एकल की विभिन्न वर्गों – अंडर 7 बालक एवं बालिका , अंडर 9 बालक एवं बालिका , अंडर 11 बालक एवं बालिका , अंडर 13 बालक एवं बालिका , अंडर 15 बालक एवं बालिका , अंडर 17 बालक एवं बालिका , अंडर 19 बालक एवं बालिका , तथा पुरुष एवं महिला एकल की प्रतियोगिताएं शामिल है ।
टूर्नामेंट का औपचारिक उदघाटन खेल प्रेमी डॉ मनोज पटेल एवं इकराम खान ( आईटी एनालिस्ट ) के कर कमलों द्वारा किया गया । दोनों मुख्य अतिथियों ने खिलाड़ियों को खेल के फायदे समझाते हुए प्रोत्साहित किया , तथा पढ़ाई एवं खेल का ताल मेल बैठाने हेतु मार्गदर्शन भी किया । मुख्य अतिथियों का सम्मान मालार्पण कर किया गया। खिलाड़ियों का उत्साह देख कर अतिथियों का मन प्रफुल्लित हो गया तथा उन्होंने बच्चों को आज के कठिन युग में सफलता प्राप्त करने हेतु मार्गदर्शन किया ।
खिलाड़ियों के मैच 3 मई से शाम 3.30 बजे से प्रारंभ हुए , जिसमें अभिभावकों एवं खिलाड़ियों की भीड़ ने सारे मैचों का भरपूर आनंद लिया । नन्हे खिलाड़ियों में जीत का जज़्बा देखने को मिला । खिलाड़ी हार स्वीकार नहीं करने हेतु अपनी पूरी जी जान से मेहनत करते हुए खेलते नजर आए । टूर्नामेंट के पहले दिन बालक एकल की अंडर 11 , अंडर 13 , अंडर 15 एवं अंडर 17 की प्रतियोगिताएं खेली गईं । विदित हो कि चक्रधर क्लब अपनी पावन भावना के साथ बच्चों को मार्गदर्शन देने हेतु स्थानीय जन प्रतिनिधि ,जिला प्रशासन के शीर्ष अधिकारी , न्यायालीन अधिकारी , विभिन्न समाज सेवी संगठनों एवं खेल संगठनों के पदाधिकारियों को आमंत्रित करते हुए उनके अनुभवों को चक्रधर क्लब के बच्चों के साथ साझा करती है ।
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान