आमिर बने स्नूकर के चैम्पियन, राकेश को बिलियर्ड्स का खिताब
प्रयागराज, 30 जून (हि.स)। आमिर रईस ने अफजल कुरैशी को 4-2 से हराकर जिला स्नूकर चैम्पियनशिप के खिताब पर कब्जा जमा लिया। वेटरन बिलियर्ड्स चैम्पियनशिप का खिताब राकेश बग्गा ने अपने नाम किया।
प्रयागराज क्यू स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में वेलकमहोटल बाय आईटीसी होटल्स में मंगलवार को हुई स्नूकर चैम्पियनशिप के फाइनल में आमिर रईस और अफजल कुरैशी ने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी। संयम, रणनीति और शानदार पॉटिंग का प्रदर्शन करते हुए दोनों खिलाड़ियों ने दर्शकों को अंतिम फ्रेम तक रोमांचित बनाए रखा। अंततः आमिर रईस ने 4-2 (70-63, 54-64, 43-36, 73-51, 63-51) से जीत दर्ज कर प्रयागराज जिला स्नूकर चैम्पियनशिप 2026 का खिताब अपने नाम किया। वेटरन बिलियर्ड्स चैम्पियनशिप के फाइनल में राकेश बग्गा ने दिनेश अग्रवाल को 107-86 से हराकर खिताबी जीत दर्ज की।
मुख्य अतिथि वेलकमहोटल बाय आईटीसी होटल्स, प्रयागराज के प्रबंध निदेशक जेके अग्रवाल एवं प्रयागराज क्यू स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव एवं भारत में छठवीं रैंकिंग के स्नूकर खिलाड़ी व कई बार स्टेट चैम्पियन रह चुके विनायक अग्रवाल ने विजेताओं, उपविजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र, 50,000 की नगद पुरस्कार राशि एवं स्वर्गीय पीएन अग्रवाल की स्मृति में स्थापित रोलिंग ट्रॉफी प्रदान की। इसके अतिरिक्त, वेलकमहोटल बाय आईटीसी होटल्स, प्रयागराज द्वारा विजेताओं को निःशुल्क स्टे एवं डिनर बुफे वाउचर भी भेंट किए गए।
प्रयागराज क्यू स्पोर्ट्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सागर खोबाल ने अतिथियों का स्वागत, सचिव विनायक अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर यूनाइटेड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के उपाध्यक्ष सतपाल गुलाटी, होटल ग्रैंड कॉन्टिनेंटल के स्वामी अनीश बीर, सेंट ज़ेवियर्स कॉलेज के निदेशक रजनीश मोहन, पार्षद पंकज जायसवाल तथा डॉ. अभिजीत द्विवेदी आदि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र