युवा ओलंपिक में अंबेकर मीतेई ने रचा इतिहास, भारत को मुक्केबाजी में पहला स्वर्ण

 




डकार, 12 नवंबर (हि.स.)। भारतीय मुक्केबाज लैरेनलाकपम अंबेकर मीतेई ने गुरुवार को इतिहास रचते हुए 2026 युवा ओलंपिक में देश को मुक्केबाजी का पहला स्वर्ण पदक दिलाया। मणिपुर के इस मुक्केबाज ने पुरुषों के 50 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में आयरलैंड के क्रिस्टियन जुबानी को 3-2 से हराकर यह उपलब्धि हासिल की। डकार में जारी इन खेलों में भारत का यह पहला स्वर्ण पदक भी है।

फाइनल मुकाबले में मीतेई की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहले राउंड में पांचों जजों ने आयरिश मुक्केबाज के पक्ष में फैसला दिया, जिससे भारतीय खिलाड़ी दबाव में आ गए। हालांकि, उन्होंने दूसरे राउंड में शानदार वापसी की और तीन जजों का समर्थन हासिल किया। निर्णायक तीसरे राउंड में मीतेई ने अपना प्रदर्शन और बेहतर किया। चार जजों ने उन्हें बेहतर मुक्केबाज माना और इस तरह उन्होंने 3-2 से मुकाबला जीतकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।

मीतेई की स्वर्णिम सफलता के साथ डकार युवा ओलंपिक में भारत का सोने का इंतजार भी खत्म हो गया। इससे पहले भारतीय खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में तीन रजत और पांच कांस्य पदक जीते थे।

मीतेई ने प्रतियोगिता में अपने अभियान की शुरुआत नामीबिया के अब्राहम कालेंगा के खिलाफ जीत से की थी। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में सेनेगल के फाये शेख इब्राहिमा फॉल को 5-0 से हराया। सेमीफाइनल में कोलंबिया के इज्जोन जेफरी गालेया अरेवालो को भी 5-0 से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई।

मीतेई की इस उपलब्धि ने युवा ओलंपिक में भारतीय मुक्केबाजी के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया है। इससे पहले 2010 में सिंगापुर में हुए पहले युवा ओलंपिक में शिव थापा ने पुरुषों के 54 किलोग्राम वर्ग में रजत और विकास कृष्ण ने 60 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीता था। मीतेई अब इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय मुक्केबाज बन गए हैं।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय