युवा ओलंपिक: मुक्केबाज अंबेकर मीतेई 50 किग्रा वर्ग के फाइनल में पहुंचे, भारत का एक और पदक पक्का
डकार (सेनेगल), 11 नवंबर (हि.स.)। भारतीय मुक्केबाज लैरेनलाकपम अंबेकर मीतेई ने बुधवार को 2026 समर यूथ ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों के 50 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने सेमीफाइनल मुकाबले में कोलंबिया के इज्जोन जेफरी गालेया अरेवालो को 5-0 से हराया। इस जीत के साथ ही भारत का मुक्केबाजी में एक और पदक सुनिश्चित हो गया।
रेड कॉर्नर से उतरे मीतेई ने मुकाबले की शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। पांचों जजों ने उन्हें विजेता घोषित किया। मुकाबले में जजों के स्कोर 28-27, 28-27, 28-27, 29-26 और 28-27 रहे।
फाइनल में मीतेई का सामना आयरलैंड के क्रिस्टियन जुबानी से होगा, जिन्होंने दूसरे सेमीफाइनल में मेक्सिको के एलन जीसस ओकाम्पो कानो को 5-0 से शिकस्त दी।
मीतेई ने क्वार्टर फाइनल में सेनेगल के फाये शेख इब्राहिमा फॉल को 5-0 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई थी। इससे पहले उन्होंने पहले दौर में नामीबिया के अब्राहम कालेंगा को एक मिनट 57 सेकंड में रेफरी द्वारा मुकाबला रोके जाने (आरएससी) के आधार पर पराजित किया था। इस जीत के साथ ही उन्होंने भारत के लिए कम से कम कांस्य पदक पक्का कर दिया था।
यूथ ओलंपिक की मुक्केबाजी स्पर्धा में भारत का यह दूसरा पदक सुनिश्चित हुआ है। इससे पहले महिला 48 किलोग्राम वर्ग में गुंजन ने मेक्सिको की एटेना सोफिया जुआरेज कैलरो को 5-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था और देश के लिए पदक पक्का किया था।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय