तेलंगाना की मंत्री कोंडा सुरेखा के पोते ने रचा इतिहास, सबसे कम उम्र में एफआईडीई-रेटेड स्कोर हासिल करने का बनाया विश्व रिकॉर्ड
हैदराबाद, 08 अप्रैल (हि.स.)। तेलंगाना राज्य की बंदोबस्त मंत्री कोंडा सुरेखा के पोता कोंडा श्रेयांश मुरली कृष्ण पटेल ने दाे वर्ष 11 महीने की आयु में शतरंज की दुनिया में इतिहास रचते हुए सबसे कम उम्र में एफआईडीई-रेटेड स्कोर हासिल करने का विश्व रिकॉर्ड बनाया है। इस उपलब्धि को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉड्स ने सत्यापित किया है। श्रेयांश को आने वाले महीनों में ब्रिटिश संसद में वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉड्स की ओर से सम्मानित किया जाएगा।
हैदराबाद के जुबली हिल्स स्थित एमएलए एवं एमपी कॉलोनी कल्चरल सेंटर में रॉय चेस एकेडमी ने कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें श्रेयांश ने बंद कमरे में 15 मिनट 52 सेकंड में 93 बैक-रैंक चेकमेट हल किए और 1 घंटे 9 मिनट 9 सेकंड में 21 शतरंज बोर्ड सजाने का अनोखा कारनामा दिखाया। खेल के दाैरान मंत्री कोंडा सुरेखा भी शीशे के बाहर से खेलते हुए पोते को निहारती रही। इस उपलब्धि पर मंत्री कोंडा सुरेखा भावुक हाे गई और अपने पोते को गले लगाकर खूब दुलार किया। । उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि उनके लिए यह पल एक राजनेता के रूप में नहीं, बल्कि एक दादी के रूप में गर्व का था। इस मौके पर तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्का भी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि शतरंज की दुनिया में कम उम्र में उपलब्धियां हासिल करने वाले अन्य खिलाड़ियों में अनिश सरकार का नाम भी शामिल है, जिन्होंने 3 वर्ष की आयु में एफआईडीई रेटिंग हासिल कर सबसे कम उम्र के रेटेड खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड बनाया था। इसके अलावा अभिमन्यु
मिश्रा ने 12 वर्ष 4 महीने की उम्र में ग्रैंडमास्टर बनकर विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया था। हाल ही में 18 वर्ष के भारतीय ग्रैंडमास्टर गुकेश डी ने सिंगापुर में विश्व शतरंज चैंपियन का खिताब जीता था।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj