महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026: सेमीफाइनल में मलेशिया को 6-2 से हराकर फाइनल में पहुंचा भारत
- चौथी बार चैंपियन बनने से एक कदम दूर टीम इंडिया, कल चीन से होगी खिताबी भिड़ंत
भोपाल, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में चल रही महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया है। शुक्रवार को यहां नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए सेमीफाइनल में मेजबान भारत ने मलेशिया को 6-2 से पराजित किया। अब शनिवार को खिताब के लिए भारत की टक्कर चीन से होगी।
इससे पहले शुक्रवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में चीन ने जापान को 1-0 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। वहीं, तीसरे स्थान के लिए मलेशिया और जापान के बीच मुकाबला होगा।
दीपिका ने दागे दो गोल
भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शुक्रवार शाम 7.00 बजे से शुरू हुए सेमीफाइनल मुकाबले में मलेशिया के खिलाफ भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। पहले क्वार्टर में एक गोल कर भारत ने बढ़त बनाई। दूसरे क्वार्टर में तीन गोल और दागकर स्कोर 4-1 कर दिया। इसके बाद तीसरे और चौथे क्वार्टर में भी भारतीय खिलाड़ियों ने एक-एक गोल किया। इस तरह भारत ने 6-2 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
भारत की ओर से दीपिका ने दो गोल किए, जबकि मुमताज खान, नवनीत कौर, सुनेलिता टोप्पो और ईशिका ने एक-एक गोल किया। मलेशिया के लिए नूर अजर और नूर अमीराह जुल्किफली ने गोल दागे।
59वें मिनट में चीन ने पलटा मैच
वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में चीन और जापान के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दोनों टीमें लंबे समय तक गोल नहीं कर सकीं। मैच के 59वें मिनट में झांग हेयांग ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर चीन को 1-0 की निर्णायक बढ़त दिला दी। इसी गोल के दम पर चीन ने फाइनल में जगह बनाई।
कोरिया ने थाईलैंड को 4-1 से हराया
शुक्रवार को ही पांचवें स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में कोरिया ने थाईलैंड को 4-1 से शिकस्त दी। कोरिया की ओर से पार्क मिहयांग ने दो गोल किए। पार्क सेउंगए और जू सोयोन ने एक-एक गोल का योगदान दिया। थाईलैंड की ओर से इनपा कुंजिरा ने पेनल्टी स्ट्रोक पर एकमात्र गोल किया।
चौथी बार खिताब जीतने का मौका
भारतीय महिला हॉकी टीम अब तक तीन बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जीत चुकी है। टीम ने पहली बार 2016 में खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद 2023 और 2024 में भी चैंपियन बनी। दक्षिण कोरिया भी तीन बार यह ट्रॉफी जीत चुका है।
ऐसे में चीन के खिलाफ शनिवार को होने वाला फाइनल भारत के लिए इतिहास रचने का अवसर है। जीत मिलने पर भारतीय टीम चौथी बार चैंपियन बनने के साथ ही इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम बन जाएगी। इसके अलावा लगातार तीसरी बार खिताब जीतने का रिकॉर्ड बनाने का मौका भी उसके पास है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर