महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी: चीन को 6-2 से हराकर भारत ने लगाया जीत का चौका, दीपिका ने दागे तीन गोल
भोपाल, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में चल रही महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम का विजय अभियान जारी है। मंगलवार को खेले गए मुकाबले में भारत ने चीन को 6-2 से शिकस्त देकर लगातार चौथी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत 12 अंकों के साथ अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गया है। मुकाबले में दीपिका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन गोल किए। वहीं, दिन के अन्य मैचों में जापान ने मलेशिया को 3-1 और कोरिया ने थाईलैंड को 1-0 से हराया।
भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में मंगलवार को भारत और चीन के बीच हुए मुकाबले में मेजबान टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। दीपिका ने मैच के पहले ही मिनट में गोल कर भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद छठे और 13वें मिनट में भी उन्होंने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर अपनी हैट्रिक पूरी की। चीन ने 14वें मिनट में फेंग किंगमियाओ के गोल से अंतर कम किया, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने दबाव बनाए रखा।
भारत की ओर से लालरेमसियामी ने 18वें मिनट में और नेहा ने 21वें मिनट में गोल कर स्कोर 5-1 कर दिया। तीसरे क्वार्टर में रानी साक्षी ने 37वें मिनट में छठा गोल दागा। चीन की तरफ से चेन टोंग ने 33वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल किया। अंतिम क्वार्टर में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। इस तरह भारत ने 6-2 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
जापान ने मलेशिया को 3-1 से हराया
दिन के दूसरे मुकाबले में जापान ने मलेशिया को तीन गोल से हराकर टूर्नामेंट में अपनी लगातार चौथी जीत दर्ज की। जापान के लिए मारुयामा निको ने 31वें मिनट में पहला गोल किया। इसके बाद मुरायामा हिरोका ने 50वें और हिरामित्सु आइ ने 57वें मिनट में गोल दागे। मलेशिया की ओर से अजहेरी अजमायरा ने 50वें मिनट में गोल किया, लेकिन टीम मुकाबला नहीं बचा सकी।
कोरिया ने थाईलैंड को 1-0 से दी मात
दिन के पहले मुकाबले में कोरिया ने थाईलैंड को कड़े संघर्ष के बाद 1-0 से हराया। मैच का एकमात्र गोल पार्क सेउंगए ने 25वें मिनट में किया। इसके बाद थाईलैंड ने बराबरी के लिए प्रयास किए, लेकिन कोरिया की रक्षापंक्ति को भेदने में नाकाम रहा। चारों क्वार्टर में थाईलैंड की टीम गोल नहीं कर सकी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर