भारत-पाक मैच से पहले हैंडशेक विवाद पर सस्पेंस, कोच मजूमदार ने कहा- वक्त आने पर बताएंगे
दुबई, 29 अगस्त (हि.स.)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने महिला एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मुकाबले के दौरान हैंडशेक को लेकर पूछे गए सवाल पर फिलहाल कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि टीम का पूरा ध्यान रविवार को थाईलैंड के खिलाफ होने वाले अपने पहले मुकाबले पर है और पाकिस्तान के साथ मैच आने पर इस मुद्दे पर बात की जाएगी।
प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में मजूमदार ने कहा कि टीम का मकसद मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलना है और मैदान के बाहर की बातों पर ध्यान केंद्रित नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा, “हम एक समय में एक मैच पर ध्यान दे रहे हैं। अभी हमारा पूरा फोकस अगले मुकाबले पर है।”
भारत और पाकिस्तान के बीच महिला एशिया कप का मुकाबला 05 सितंबर को खेला जाना है। हाल के समय में दोनों देशों की टीमों के बीच हैंडशेक को लेकर अपनाई जा रही नीति चर्चा का विषय रही है।
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ टूर्नामेंटों में भारतीय क्रिकेट टीमों ने पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबलों के दौरान मैच के बाद पारंपरिक हैंडशेक से दूरी बनाए रखी है। पुरुषों के साथ-साथ महिला और आयु वर्ग की भारतीय टीमों ने भी कई अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में इसी रुख को अपनाया है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय