वीनू मांकड़ ट्रॉफी : अरनव बुग्गा के 139 रन से दिल्ली की गुजरात पर रोमांचक जीत

 

नई दिल्ली, 08 अक्टूबर (हि.स.)। अरनव बुग्गा के शानदार 139 रन की बदौलत दिल्ली ने वीनू मांकड़ ट्रॉफी 2026 के अपने शुरुआती मुकाबले में गुजरात को सात विकेट से हरा दिया। गुजरात के 338/6 के विशाल स्कोर के जवाब में दिल्ली ने 49.5 ओवर में 341/7 रन बनाकर रोमांचक जीत दर्ज की।

पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने छह विकेट पर 338 रन बनाए। दिल्ली की ओर से वरुण वंजानी ने प्रभावी गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में 36 रन देकर दो विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली को अरनव बुग्गा ने शानदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने 139 रन की आक्रामक पारी खेलकर टीम की जीत की नींव रखी। आर्यन शर्मा ने 77 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया, जबकि आर्यवीर सहवाग ने भी अर्धशतक जड़कर दिल्ली की जीत में अहम योगदान दिया।

दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के अध्यक्ष रोहन जेटली ने टीम की जीत को गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि इतने बड़े लक्ष्य का सफल पीछा दिल्ली की मजबूत युवा क्रिकेट व्यवस्था और खिलाड़ियों के दबाव में संयम का प्रमाण है।

मैच के नायक अरनव बुग्गा ने कहा कि गुजरात के बड़े स्कोर के बावजूद ड्रेसिंग रूम में जीत का विश्वास कायम था। उन्होंने आर्यन शर्मा और आर्यवीर सहवाग की पारियों की भी सराहना करते हुए कहा कि इस जीत से टीम को टूर्नामेंट में आगे के मुकाबलों के लिए काफी आत्मविश्वास मिलेगा।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय