एएफसी महिला एशियन कप में भारत की निराशाजनक शुरुआत, इंजरी टाइम में वियतनाम से 1-2 से हार

 


पर्थ (ऑस्ट्रेलिया), 04 मार्च 2026 (हि.स.)। भारतीय महिला फुटबॉल टीम को एएफसी महिला एशिया कप के ग्रुप सी मुकाबले में वियतनाम के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। पर्थ स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में वियतनाम में इंजरी टाइम में गोल कर जीत छीन ली।

वियतनाम की ओर से न्गुयेन थी वान सु ने 30वें मिनट में 90+4 मिनट में दो गोल दागे, जबकि भारत के लिए शुरुआत करके सैनफिडा नोंग्रम ने 52वें मिनट में बराबरी का गोल दागा।

पहले हाफ में वियतनाम ने अधिक गेंद पर कब्जा रखा और 30वें मिनट में वान सू ने शानदार कर्लिंग शॉट से बढ़त दिलाई। भारतीय गोलकीपर पंथोई चानू ने कई बेहतरीन बचाव किए, जिससे अंतर ज्यादा नहीं बढ़ा।

दूसरे हाफ में कोच अमेलिया वाल्वेर्डे के बदलाव असरदार रहे। रिम्पा हलदार के प्रयास के बाद मिली गेंद पर सनफिदा ने तेज प्रतिक्रिया देते हुए बाएं पैर से जोरदार शॉट लगाकर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद भारत ने कुछ अच्छे मौके बनाए, लेकिन उन्हें गोल में तब्दील नहीं कर सकी।

अंतिम क्षणों में वियतनाम ने दबाव बनाया और इंजरी टाइम में वान सू ने अपना दूसरा गोल कर मैच अपने नाम कर लिया।

इस हार के साथ ब्लू टाइग्रेसेस को टूर्नामेंट में आगे बढ़ने के लिए अगले मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय