यूएस किड्स गोल्फ इंडिया सीरीज का छठा सत्र शुरू, युवा खिलाड़ियों की नजर अंतरराष्ट्रीय मंच पर

 




गुरुग्राम, 09 सितंबर (हि.स.)। यूएस किड्स गोल्फ इंडिया सीरीज अपने छठे सत्र के साथ लौट आई है। 50 से अधिक युवा गोल्फर 11 और 12 सितंबर को क्लासिक गोल्फ एंड कंट्री क्लब में विभिन्न आयु वर्गों में मुकाबला करेंगे। सीरीज का उद्देश्य भारतीय जूनियर खिलाड़ियों को घरेलू प्रतियोगिताओं से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर उपलब्ध कराना है।

भारत में यूएस किड्स गोल्फ की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। इसका असर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय खिलाड़ियों की भागीदारी और प्रदर्शन में भी देखने को मिला है। 2026 यूएस किड्स वर्ल्ड चैंपियनशिप में निहाल चीमा ने बॉयज-9 वर्ग में संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया। वेदिका गर्ल्स-10 में तीसरे और आद्या थिम्मैया गर्ल्स-12 में चौथे स्थान पर रहीं। वहीं, अर्शवंत श्रीवास्तव ने यूएस किड्स वर्ल्ड टीन चैंपियनशिप में संयुक्त रूप से चौथा स्थान हासिल किया।

इंडिया सीरीज की खासियत खिलाड़ियों के लिए यूएस किड्स गोल्फ प्रायोरिटी स्टेटस हासिल करने का अवसर है। प्रदर्शन के आधार पर मिलने वाला यह दर्जा खिलाड़ियों को प्रमुख अंतरराष्ट्रीय जूनियर प्रतियोगिताओं में आमंत्रण और प्रवेश दिलाने में मदद करता है।

यूएस किड्स इंडिया एंड एशिया के अध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव ने कहा कि एशिया में इस कार्यक्रम का विस्तार तेजी से हुआ है और अकेले इस वर्ष 100 से अधिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गई हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में एशियाई खिलाड़ियों को अधिक अंतरराष्ट्रीय अनुभव और प्रतिस्पर्धी अवसर देने के लिए एशियन टूर विकसित करने पर काम किया जा रहा है।

कार्यक्रम का विस्तार अब चीन, मलेशिया, थाईलैंड, फिलीपींस, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर, इंडोनेशिया, कजाकिस्तान और उज्बेकिस्तान समेत 10 से अधिक एशियाई देशों तक हो चुका है। इसका दीर्घकालिक लक्ष्य भारत और एशिया के स्थानीय टूर्नामेंटों से खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय जूनियर गोल्फ प्रतियोगिताओं तक पहुंचने का व्यवस्थित मार्ग उपलब्ध कराना है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय