UPT20 2026 Final: भुवी की लखनऊ और रिंकू की मेरठ में महामुकाबला, इकाना में 6 सितंबर को खिताबी जंग

लखनऊ। यूपी टी20 लीग 2026 अब अपने अंतिम और सबसे रोमांचक पड़ाव पर पहुंच गई है। रविवार, 6 सितंबर को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ फाल्कन्स और मेरठ मावेरिक्स के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।
 

रिपोर्ट: अभिषेक अर्जुन सिंह | Live VNS Sports Journalist

लखनऊ। यूपी टी20 लीग 2026 अब अपने अंतिम और सबसे रोमांचक पड़ाव पर पहुंच गई है। रविवार, 6 सितंबर को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ फाल्कन्स और मेरठ मावेरिक्स के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।

फाइनल से एक दिन पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में यूपी टी20 गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, सदस्य संजीव कुमार सिंह, लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान भुवनेश्वर कुमार, मेरठ मावेरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह, लखनऊ के बल्लेबाजी कोच उमंग शर्मा और मेरठ के हेड कोच उत्कर्ष चंद्रा मौजूद रहे।

डॉ. संजय कपूर ने कहा, “हमें इससे बेहतर फाइनल नहीं मिल सकता था। एक तरफ अनुभवी भुवी हैं तो दूसरी तरफ रिंकू सिंह।”

बारिश की संभावना को देखते हुए फाइनल के लिए रिजर्व डे भी रखा गया है। वहीं अगले सीजन में वाराणसी जैसे नए शहरों में मुकाबले आयोजित किए जाने के संकेत भी मिले हैं।

लखनऊ के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने युवा खिलाड़ियों से दबाव लेने के बजाय बड़े मुकाबले का आनंद उठाने की अपील की। वहीं रिंकू सिंह ने अपनी चोट पर अपडेट देते हुए कहा कि वह फाइनल के लिए पूरी तरह तैयार हैं। भुवनेश्वर की स्विंग गेंदबाजी को लेकर रिंकू ने कहा कि उनकी टीम ने पावरप्ले में भुवी से निपटने के लिए खास रणनीति तैयार की है।

अब नजरें 6 सितंबर की शाम इकाना पर होंगी, जहां भुवी की लखनऊ और रिंकू की मेरठ के बीच यूपी टी20 2026 के चैंपियन बनने की जंग होगी।

फाइनल: 6 सितंबर | शाम 7:30 बजे | इकाना क्रिकेट स्टेडियम, लखनऊ