आदित्य के बहुमुखी प्रदर्शन से इलाहाबाद पश्चिम सेमीफाइनल में, उत्तरी की रोमांचक जीत
सागर शर्मा ने खेली नाबाद 59 रन की पारी, राहुल राज पाल ने जड़े 91 रन
प्रयागराज, 14 अक्टूबर (हि.स.)। नीलम करवरिया कप क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे संस्करण में बुधवार को इलाहाबाद पश्चिम ने इलाहाबाद दक्षिण को आठ विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। वहीं, दूसरे मुकाबले में इलाहाबाद उत्तरी ने रोमांचक संघर्ष में कोरांव विधानसभा को महज एक रन से पराजित किया। इलाहाबाद पश्चिम की जीत में आदित्य राज तिवारी और सागर शर्मा ने अहम भूमिका निभाई, जबकि इलाहाबाद उत्तरी की जीत के नायक राहुल राज पाल रहे। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 91 रन बनाए।
सागर और आदित्य ने दिलाई इलाहाबाद पश्चिम को जीत
केपी कॉलेज मैदान पर खेले गए पहले मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इलाहाबाद दक्षिण की टीम 20 ओवर में 111 रन ही बना सकी। टीम की ओर से निशांत कुशवाहा ने 41 रन बनाए, जबकि अक्षत पांडेय और अमर काला ने 16-16 रनों का योगदान दिया। इलाहाबाद पश्चिम की ओर से देव प्रकाश शुक्ला ने दो विकेट लिए। आदित्य राज तिवारी और आतिफ साजिद ने भी दो-दो खिलाड़ियों को आउट किया।
112 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इलाहाबाद पश्चिम की टीम ने 16.1 ओवर में दो विकेट खोकर 112 रन बनाते हुए मुकाबला जीत लिया। सागर शर्मा ने 49 गेंदों पर नौ चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 59 रन बनाए। वहीं, आदित्य राज तिवारी ने 38 गेंदों पर पांच चौकों और तीन छक्कों की सहायता से 44 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में अमर काला और अक्षत पांडेय को एक-एक विकेट मिला।
आदित्य राज तिवारी को उनके बहुमुखी प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच से पहले गौरव करवरिया और सोमेश्वर पांडेय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। पुरस्कार पूर्व खिलाड़ी रजा अली ने प्रदान किया।
आखिरी रन तक चला मुकाबला, उत्तरी ने एक रन से मारी बाजी
दिन के दूसरे मुकाबले में इलाहाबाद उत्तरी ने कोरांव विधानसभा को एक रन से हराकर प्रतियोगिता में अपनी पहली जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इलाहाबाद उत्तरी ने निर्धारित 20 ओवर में 139 रन बनाए। राहुल राज पाल ने 68 गेंदों पर 14 चौकों और एक छक्के की मदद से 91 रन की शानदार पारी खेली। अंशुमान पांडेय ने 17 रन बनाए।
कोरांव की ओर से अनंत कुमार गुप्ता और श्याम सुंदर ने दो-दो विकेट लिए, जबकि कुणाल मिश्र को एक सफलता मिली।
140 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोरांव विधानसभा की टीम 20 ओवर में 138 रन ही बना सकी। शाश्वत प्रताप ने 52, अनुराग यादव ने 34 और सचिन ओझा ने 23 रन बनाए, लेकिन टीम जीत से एक रन दूर रह गई। इलाहाबाद उत्तरी की ओर से सुव्रत प्रसाद तिवारी ने दो विकेट लिए, जबकि प्रथम मिश्र और अंशुमान पांडेय को एक-एक विकेट मिला।
91 रन की शानदार पारी खेलने वाले राहुल राज पाल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच से पहले गरीब दास ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। पुरस्कार पूर्व ईस्ट जोन खिलाड़ी फरासत अली ने प्रदान किया।
टैगोर पब्लिक स्कूल के बच्चों ने बढ़ाया उत्साह
प्रतियोगिता के दौरान टैगोर पब्लिक स्कूल के बच्चों ने मैदान पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। दोनों मुकाबलों के बाद आयोजन सचिव सक्षम करवरिया की मौजूदगी में सेमीफाइनल के लिए पर्ची निकाली गई। इसके अनुसार, पहला सेमीफाइनल फाफामऊ विधानसभा और इलाहाबाद पश्चिम के बीच खेला जाएगा। दूसरे सेमीफाइनल में फूलपुर विधानसभा का मुकाबला तीसरे ग्रुप की शीर्ष टीम से होगा।
गुरुवार को होंगे दो मुकाबले
नीलम करवरिया कप क्रिकेट प्रतियोगिता में गुरुवार को पहला मुकाबला बारा विधानसभा और हंडिया विधानसभा के बीच सुबह आठ बजे से खेला जाएगा। दूसरे मुकाबले में प्रतापपुर विधानसभा और मेजा विधानसभा की टीमें
दोपहर 12 बजे आमने-सामने होंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल