उन्नीस नवंबर को होगी 41वीं अखिल भारतीय इंदिरा मैराथन, विजेता को मिलेंगे दो लाख रुपये
आनंद भवन से सुबह 6:30 बजे शुरू होगी 42.195 किलोमीटर की दौड़, देशभर के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय धावक करेंगे प्रतिभाग
प्रयागराज, 12 नवंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध संगमनगरी में 19 नवंबर को 41वीं अखिल भारतीय प्राइजमनी इंदिरा मैराथन का आयोजन किया जाएगा। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में क्षेत्रीय खेल कार्यालय और जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग के धावक फुल मैराथन (42.195 किलोमीटर) और हाफ मैराथन (21.097 किलोमीटर) में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का शुभारंभ ऐतिहासिक आनंद भवन से सुबह 6:30 बजे होगा। इसमें देश और प्रदेश के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के धावक और धाविकाएं हिस्सा लेंगे। यह जानकारी गुरुवार को क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी शिव कुमार यादव ने दी।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में फुल मैराथन के पुरुष और महिला वर्ग में अलग-अलग पुरस्कार दिए जाएंगे। दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले धावक को दो लाख रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाले को एक लाख रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 75 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी। इसके अलावा प्रत्येक वर्ग में 10-10 हजार रुपये के 11 सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
इसी तरह हाफ मैराथन के पुरुष और महिला वर्ग में प्रथम पुरस्कार 51 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 21 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 11 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक वर्ग में 5100 रुपये के तीन सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी शिव कुमार यादव ने बताया कि इंदिरा मैराथन की तैयारियां की जा रही हैं। प्रतियोगिता आनंद भवन से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में संपन्न होगी। इसमें देशभर के नामचीन धावकों के शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को उसी दिन अपराह्न 2:30 बजे मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में आयोजित समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल