चंद्रकला यूनिवर्सल और रॉयल क्लब ने दर्ज की शानदार जीत
प्रयागराज, 04 अक्टूबर (हि.स.)। केएस स्पोर्ट्स 30 प्लस कलर ड्रेस टी-20 प्रतियोगिता के लीग मुकाबलों में चंद्रकला यूनिवर्सल और रॉयल क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। चंद्रकला यूनिवर्सल ने तौसीफ इलेवन को 55 रन से, जबकि रॉयल क्लब ने आइडियल क्लब को 39 रन से पराजित किया।
चक हरिहर वन, झूंसी मैदान पर रविवार को खेले गए पहले मुकाबले में रॉयल क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.4 ओवर में 169 रन बनाए। अतुल ने शानदार 81 रन की पारी खेली। रचित सागर ने 21 और राहुल माथुर ने 17 रन बनाए। आइडियल क्लब की ओर से राहुल और रिषभ शुक्ला ने दो-दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आइडियल क्लब की टीम 19.3 ओवर में 130 रन पर सिमट गई। दाऊद खान ने 35 और एसपी यादव ने 33 रन बनाए। रॉयल क्लब की ओर से राहुल और रिषभ शुक्ला ने दो-दो विकेट लिए, जबकि अतुल, अशोक कुमार, शिब्बू मिश्रा और डॉ. बीके राय को एक-एक सफलता मिली।
दूसरे मुकाबले में चंद्रकला यूनिवर्सल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 207 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। रविंद्र आनंद ने 50, रिषभ मिश्रा ने 46 और इमरोज़ अली ने 33 रन बनाए। साहेब लाल मैक्लोड्स ने 22 और प्रियंशु यादव ने 16 रन का योगदान दिया।
207 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तौसीफ इलेवन की टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 152 रन ही बना सकी। दुर्विजय सिंह ने 35, मोहम्मद अथर ने 26, पीके पाठक ने 18 और दीपक यादव ने 17 रन बनाए। चंद्रकला यूनिवर्सल की ओर से अजय यादव ने तीन, जबकि प्रियंशु यादव और सैयद अजहर अली ने दो-दो विकेट झटके। इस तरह चंद्रकला यूनिवर्सल ने मुकाबला 55 रन से अपने नाम किया।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल