अंडर-14 क्रिकेट ट्रायल में 294 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
प्रयागराज के साथ मिर्जापुर, चित्रकूट और भदोही के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
प्रयागराज, 04 अक्टूबर (हि.स.)। इलाहाबाद क्रिकेट एसोसिएशन (एसीए) की ओर से अंडर-14 जनपदीय क्रिकेट ट्रायल का आयोजन तीन और चार अक्टूबर को विष्णु भगवान पब्लिक स्कूल (वीबीपीएस) के मैदान पर किया गया। दो दिवसीय ट्रायल में प्रयागराज मंडल के विभिन्न जनपदों से कुल 294 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया और अपनी क्रिकेट प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
एसीए के संयुक्त संयोजक (लीग एवं मंडल) एलबी काला ने बताया कि तीन अक्टूबर को मिर्जापुर, चित्रकूट और भदोही जनपद के खिलाड़ियों का ट्रायल हुआ। इसमें कुल 77 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें 39 बल्लेबाज, पांच विकेटकीपर, 22 मध्यम गति के गेंदबाज और 11 स्पिन गेंदबाज शामिल रहे।
चार अक्टूबर को प्रयागराज जनपद के खिलाड़ियों का ट्रायल कराया गया। इसमें कुल 217 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इनमें 101 बल्लेबाज, 14 विकेटकीपर, 56 मध्यम गति के गेंदबाज और 46 स्पिन गेंदबाज शामिल रहे।
ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों की बल्लेबाजी, गेंदबाजी और विकेटकीपिंग क्षमता का आकलन किया गया। चयन प्रक्रिया में खिलाड़ियों के प्रदर्शन को आधार बनाया गया।
ट्रायल में अनुराग श्रीवास्तव (अध्यक्ष), योगेश कुशवाहा, शाहनवाज खान, बलराम यादव और अमर काला चयनकर्ता रहे। इस अवसर पर एसीए के पदाधिकारी मनोज कुमार, शिशिर मेहरोत्रा, खुर्शीद अहमद, आशीष भारतीय और अंकित पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल