लखनऊ से 18 पदक जीतकर लौटे मुरादाबाद मंडल के तैराकों का हुआ स्वागत अभिनंदन

 




लखनऊ में आयोजित हुई थी प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक बालिका तैराकी प्रतियोगिता

मुरादाबाद, 08 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में 3 से 5 जुलाई तक आयोजित प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक एवं बालिका तैराकी प्रतियोगिता 2026-27 में मुरादाबाद मंडल के तैराकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 18 पदक जीतकर मंडल का गौरव बढ़ाया। खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत और रिले स्पर्धाओं में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की। बुधवार को मुरादाबाद में सभी खिलाड़ियों का स्वागत अभिनंदन हुआ।

उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के क्षेत्रीय सचिव अजय पाठक ने बताया कि प्रतियोगिता में पहले दिन मुरादाबाद के सहज ने 50 मीटर फ्री स्टाइल में कांस्य और 100 मीटर बैक स्ट्रोक में स्वर्ण पदक जीता। आध्या ने 100 मीटर बैक स्ट्रोक में स्वर्ण, जबकि ऐश्वर्या ने 50 मीटर फ्री स्टाइल में रजत पदक अपने नाम किया। आरोही ने 50 मीटर बटरफ्लाई में स्वर्ण पदक जीता। वहीं आरोही, रिमीषा, आध्या और इशिता की टीम ने चार गुणा 200 मीटर फ्री स्टाइल रिले में कांस्य पदक हासिल किया।

दूसरे दिन नमन ने 200 मीटर फ्री स्टाइल और 400 मीटर फ्री स्टाइल में कांस्य पदक जीते। आध्या ने 200 मीटर बैक स्ट्रोक और 100 मीटर इंडिविजुअल मेडले (आईएम) में रजत पदक अपने नाम किए। ऐश्वर्या ने 200 मीटर बैक स्ट्रोक में रजत और आरोही ने 100 मीटर बटरफ्लाई में रजत पदक जीता। इसके अलावा आरोही, रिमीषा, आध्या और इशिता की टीम ने चार गुणा 200 मीटर मेडले रिले में रजत पदक हासिल किया।

तीसरे दिन सहज ने 50 मीटर बैक स्ट्रोक में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन दोहराया। आध्या ने 50 मीटर बैक स्ट्रोक में स्वर्ण पदक जीता। ऐश्वर्या ने 50 मीटर बैक स्ट्रोक में रजत और आरोही ने 200 मीटर बटरफ्लाई में कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं आरोही, रिमीषा, आध्या और इशिता की टीम ने चार गुणा 100 मीटर फ्री स्टाइल रिले में रजत पदक जीता। टीम कोच रितिक शर्मा व टीम मैनेजर रवि कुमार शर्मा ने खुशी जताते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल