औरैया के लाल आर्यन सिंह राजावत ने नेपाल में जीता गोल्ड
अब थाईलैंड में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व, 27 से 31 अगस्त तक बैंकॉक में होगी चैंपियनशिप ।
औरैया, 12 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के अजीतमल क्षेत्र के ग्राम मुड़ैना रूपशाह निवासी 15 वर्षीय युवा फुटबॉल खिलाड़ी आर्यन सिंह राजावत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। नेपाल में आयोजित इंडो-नेपाल इंटरनेशनल चैंपियनशिप-2082 की अंडर-18 फुटबॉल प्रतियोगिता में आर्यन ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
आर्यन, अजीत सिंह राजावत एवं अंजू सिंह के पुत्र हैं। नेपाल में शानदार प्रदर्शन के बाद अब उनका चयन थाईलैंड चैंपियनशिप-2026 के लिए हुआ है। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में आर्यन भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। चैंपियनशिप का आयोजन 27 से 31 अगस्त 2026 तक बैंकॉक में किया जाएगा। आर्यन अब भारत की जर्सी में मैदान पर उतरकर देश के लिए पदक जीतने के लक्ष्य के साथ तैयारी में जुटे हैं।
आर्यन की इस सफलता में उनके प्रशिक्षक राकेश सरसैया के मार्गदर्शन के साथ मां कंकेश्वरी स्पोर्ट्स, इंदौर का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। परिवार की ओर से उनकी बहन वांशिका लगातार उनका उत्साह बढ़ा रही हैं। परिजनों का सहयोग और प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन आर्यन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित कर रहा है।
नेपाल में गोल्ड मेडल जीतने के बाद आर्यन के थाईलैंड में भारत का प्रतिनिधित्व करने की खबर से परिवार, गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने आर्यन की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
नेपाल में गोल्ड के बाद अब बैंकॉक में तिरंगा लहराने की तैयारी है। आर्यन की उपलब्धि न केवल औरैया बल्कि क्षेत्र के उन युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा बनी है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने का सपना देख रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार