अंतर प्रेस क्रिकेट प्रतियोगिता : कैपिटल, सुपर जाइंट, डेयरडेविल व सुपरकिंग सेमीफाइनल में
देहरादून, 27 मार्च (हि.स.)। उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित अंतर प्रेस क्रिकेट प्रतियोगिता में दून कैपिटल, दून सुपर जाइंट, दून डेयरडेविल और दून सुपरकिंग ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। जबकि दून किंग राइडर और दून ब्लास्टर प्रतियोगिता से बाहर हो गए हैं। दोनों सेमीफाइनल मुकाबले 28 मार्च को खेले जाएंगे।
शुक्रवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज मैदान पर खेले गए लीग मुकाबलों में दून किंग राइडर और दून डेयरडेविल ने जीत दर्ज की। पहले मैच में दून किंग राइडर ने दून सुपर जाइंट्स को 49 रन से हराया। किशोर रावत (78) और सुनील कुमार (47) की पारियों की बदौलत टीम ने 162 रन बनाए। जवाब में दून सुपर जाइंट्स 113 रन पर सिमट गई। सोहन परमार ने 3 विकेट लिए।
दूसरे मुकाबले में दून डेयरडेविल ने दून ब्लास्टर्स को 5 विकेट से पराजित किया। दून ब्लास्टर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 141 रन बनाए, जिसके जवाब में डेयरडेविल ने 19.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। ठाकुर नेगी (34) और अरविंद रावत (नाबाद 29) ने टीम को जीत दिलाई।
मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार सुनील कुमार और ठाकुर नेगी को दिया गया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 30 मार्च को खेला जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय