थंडर इलेवन ने चैलेंजर्स को 4 विकेट से और नेक्स्ट जेन वॉरियर ने राइडर्स को 14 रन से हराया

 


मुरादाबाद, 23 अगस्त (हि.स.)। नेक्स्ट जनरेशन क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर रविवार से नेक्स्ट जेन फ्यूचर स्टार्स क्रिकेट कप का आगाज हुआ। पहले दिन दो मैच खेले गए। इसमें थंडर ने चैलेंजर्स को 4 विकेट, जबकि वॉरियर ने राइडर्स को 14 रन से हराया। पहले मुकाबले में निगम, दूसरे में शौर्य शर्मा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एसोसिएशन मुरादाबाद के सचिव व पूर्व रणजी खिलाडी विजय गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि रविवार को पहले मैच में टॉस जीतकर नेक्स्ट जेन चैलेंजर्स ने पहले बल्लेबाजी की लेकिन पूरी टीम 17.3 ओवर में 40 रन पर सिमट गई। नैतिक ने सर्वाधिक पांच रन बनाए, जबकि टीम के खाते में 22 रन अतिरिक्त रहे। थंडर इलेवन की ओर से निगम ने तीन विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी थंडर इलेवन ने 11.2 ओवर में छह विकेट खोकर 42 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया। कवि चौधरी ने नाबाद 10 रन बनाए। टीम को 15 रन अतिरिक्त के रूप में भी मिले। शानदार गेंदबाजी के लिए निगम को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरे मैच में नेक्स्ट जेन वॉरियर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 25 ओवर में नौ विकेट पर 112 रन बनाए। वेदांश चौधरी ने नाबाद 24, अगम पाल ने 14 और आलिया ने 10 रन बनाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेक्स्ट जेन राइडर्स 25 ओवर में आठ विकेट पर 98 रन ही बना सकी। वॉरियर की ओर से शौर्य शर्मा ने पांच ओवर में 20 रन देकर तीन विकेट लिए। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस अवसर पर क्रिकेट कोच बदरुद्दीन सिद्दीकी, इकराम आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल