जवानों ने नागरिकों के साथ मिलकर जगाया फिटनेस और देशभक्ति का जज्बा
नई दिल्ली, 10 मई (हि.स.)। देशभक्ति, फिटनेस और राष्ट्रीय एकता के एक शानदार उत्सव के रूप में 'फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल' के 73वें संस्करण ने रविवार की सुबह नई दिल्ली के प्रतिष्ठित मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। इस साइकिलिंग अभियान में भारतीय सेना, भारतीय नौसेना और भारतीय वायु सेना के जवान नागरिकों के साथ शामिल हुए।
कार्यक्रम में 800 से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया, जिनमें सशस्त्र बलों के 60 प्रतिनिधि (सेना, नौसेना और वायु सेना से 20-20 प्रतिनिधि) शामिल हुए। साथ ही एथलीट, फिटनेस के शौकीन, छात्र और उनके परिवार भी शामिल हुए। कार्यक्रम में भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन एम.एल.एस. प्रसाद, भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल दारा सिंह और भारतीय नौसेना के कैप्टन मनीष सैन के साथ पहलवान प्रिया मलिक और दीक्षा मलिक भी उपस्थित थीं।
इस अवसर पर ग्रुप कैप्टन एम.एल.एस. प्रसाद ने कहा कि आज मैं सामूहिक रूप से सशस्त्र बलों का प्रतिनिधित्व कर रहा हूं। हमारे सैनिक-एथलीट साइकिलिंग दल का नेतृत्व कर रहे हैं और हमें इस बात की बहुत खुशी है कि ‘फिट इंडिया’ ने हमारे लिए इस विशेष संस्करण का आयोजन किया है। सशस्त्र बलों का यह प्रयास है कि देश का प्रत्येक नागरिक पूरी तरह से चुस्त-दुरुस्त रहे।
लेफ्टिनेंट कर्नल दारा सिंह ने इस पहल के सामाजिक संदेश की तारीफ करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन 'नशा मुक्ति' और अनुशासन की भावना को मजबूत करते हैं। जिस तरह सेना के जवान सुबह जल्दी उठते हैं और चुस्त-दुरुस्त रहते हैं, उसी तरह हर नागरिक को भी एक सेहतमंद जीवनशैली अपनानी चाहिए।
पहलवान दीक्षा मलिक ने भी लोगों को सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि यह सेहत के लिए बहुत अच्छा है। हर व्यक्ति चाहे वह युवा हो या बुजुर्ग, किसी भी पीढ़ी का हो, उसे ऐसा करना चाहिए। इसमें आनंद, ऊर्जा और एकता है।
जुम्बा सेशन, योग प्रदर्शन, रस्सी कूदने की गतिविधियां, वॉलीबॉल के खेल, नींबू-चम्मच दौड़ और मनोरंजन जोन ने पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को व्यस्त रखा। आयुष मंत्रालय की 'योग 365' पहल के तहत स्थापित एक विशेष योग परामर्श बूथ ने भी बड़ी संख्या में लोगों को आकर्षित किया, जहां प्रतिभागियों ने अपनी सेहत की जांच करवाई और योग विशेषज्ञों के साथ बातचीत की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह