सब-जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप में पंजाब, यूपी और मध्य प्रदेश की दमदार जीत
रांची, 05 अप्रैल (हि.स.)। 16वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 के पांचवें दिन डिवीजन ‘ए’ और ‘बी’ के मुकाबलों में कई टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत दर्ज की।
डिवीजन ‘ए’ के पूल ए में हॉकी पंजाब ने हॉकी महाराष्ट्र को 2-0 से हराया। पंजाब के लिए संगत सिंह और आकाश दीप ने गोल दागकर टीम को जीत दिलाई।
पूल बी में मेजबान हॉकी झारखंड ने दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव हॉकी टीम को 1-0 से मात दी। इस मुकाबले का एकमात्र गोल आशीष तानी पुर्ति ने किया।
पूल सी में हॉकी मध्य प्रदेश ने मणिपुर हॉकी को 17-1 से करारी शिकस्त दी। इस मुकाबले में शाहरुख अली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई गोल दागे, जबकि नितीश यादव ने भी अहम योगदान दिया।
वहीं, पूल डी में उत्तर प्रदेश हॉकी ने केरल हॉकी को 10-1 से हराकर अपनी ताकत दिखाई। टीम के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए एकतरफा जीत दर्ज की।
डिवीजन ‘बी’ के मुकाबलों में भी टीमों ने दमखम दिखाया। पूल ए में हॉकी बंगाल ने हॉकी गुजरात को 18-0 से हराकर टूर्नामेंट की सबसे बड़ी जीतों में से एक दर्ज की। इस मैच में मुन्ना कुमार सिंह ने शानदार खेल दिखाते हुए कई गोल किए, जबकि सुजल टूरी और सुजल बाल्मीकि ने हैट्रिक लगाई।
पूल बी में हॉकी अरुणाचल ने छत्तीसगढ़ हॉकी को 5-3 से हराया। राजभर शुभम ने हैट्रिक लगाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
टूर्नामेंट के इन मुकाबलों में कई खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत रूप से बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिससे आने वाले मैचों के लिए प्रतिस्पर्धा और भी रोमांचक हो गई है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय