ब्रास सिटी इंटर क्लब क्रिकेट टूर्नामेंट : सेंट पॉल्स क्रिकेट एकेडमी ने पारकर क्रिकेट एकेडमी को 90 रन से दी शिकस्त
मुरादाबाद, 29 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद के ब्रास सिटी इंटर क्लब क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को सेंट पॉल्स क्रिकेट एकेडमी ने दमदार प्रदर्शन करते हुए पारकर क्रिकेट एकेडमी को 90 रन से पराजित किया। पारकर क्रिकेट क्रिकेट मैदान पर खेले गए मुकाबले में सेंट पॉल्स के बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने शानदार खेल दिखाते हुए एकतरफा जीत दर्ज की। बेहतरीन शतकीय पारी के लिए शिव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मुरादाबाद डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव व पूर्व रणजी खिलाडी विजय गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि आज टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सेंट पॉल्स क्रिकेट एकेडमी ने निर्धारित 35 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 236 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से शिव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 106 रन की शतकीय पारी खेली। इब्राहिम फरीदी ने 62 रन बनाकर उनका अच्छा साथ निभाया, जबकि अब्दुल्लाह ने 16 रन का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पारकर क्रिकेट एकेडमी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम 29.5 ओवर में 146 रन पर सिमट गई। पारकर की ओर से कृष्णा ने 35 रन बनाए। निकिता दास और काव्यांश ने 22-22 रन का योगदान दिया, टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके। सेंट पॉल्स की ओर से गेंदबाजी में ज्यान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार विकेट चटकाए। आर्यांश ने तीन और सदानउद्दीन ने दो विकेट लेकर पारकर की बल्लेबाजी को संभलने का मौका नहीं दिया। बेहतरीन शतकीय पारी के लिए शिव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उनकी बल्लेबाजी सेंट पॉल्स की जीत की सबसे बड़ी वजह रही।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल