अंडर-23 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप: सागर सिंह और सूरज फाइनल में पहुंचे

 


नई दिल्ली, 23 मई (हि.स.)। वियतनाम के दा नांग में आयोजित यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (यूडब्ल्यूडब्ल्यू) अंडर-23 एशियाई चैंपियनशिप में भारत ने शानदार शुरुआत की। पहले दिन भारतीय ग्रीको-रोमन पहलवान सागर सिंह और सूरज ने अपने-अपने भार वर्ग में फाइनल में जगह बनाकर पदक पक्का कर लिया।

टियेन सोन स्पोर्ट्स सेंटर में खेले जा रहे मुकाबलों में भारत की ओर से 67 किग्रा वर्ग में सागर सिंह और 60 किग्रा वर्ग में सूरज ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। दोनों पहलवानों ने आक्रामक खेल और दबाव में संयम दिखाते हुए स्वर्ण पदक मुकाबले में प्रवेश किया।

सागर सिंह और सूरज ने दिखाया दम

60 किग्रा वर्ग में, सूरज वशिष्ठ ने किर्गिस्तान के नुरिस्तान सुइओरकुलोव को 3-2 से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। अब गोल्ड मेडल के मुकाबले में उनका सामना कज़ाकिस्तान के ऐबेक ऐतबेकोव से होगा।

वहीं, 67 किग्रा वर्ग में, सागर सिंह ने सेमीफाइनल में सऊदी अरब के मुंथिर अब्दुल्ला ए जेन्डू पर 4-0 से शानदार जीत दर्ज की। गोल्ड मेडल के लिए फाइनल में उनका मुकाबला उज़्बेकिस्तान के ऐतजान खलमाखानोव से होगा।

कुमार सचिन सेमीफाइनल में हारे

77 किग्रा वर्ग में कुमार सचिन ने कड़ा संघर्ष किया, लेकिन सेमीफाइनल में अलीखान दुरसोनोव के खिलाफ बेहद करीबी मुकाबले में हार गए।

इसके अलावा 72 किग्रा और 82 किग्रा वर्ग में भारतीय पहलवान शुरुआती दौर से आगे नहीं बढ़ सके।

कल फिर दिखेगा भारतीय पहलवानों का दम

भारत का ग्रीको-रोमन अभियान शनिवार को भी जारी रहेगा। 55 किग्रा वर्ग में नीरज, 63 किग्रा वर्ग में सुमित और 87 किग्रा वर्ग में रोहित बुरा चुनौती पेश करेंगे।

तीनों पहलवान क्वार्टर फाइनल में पहुंचकर भारत की जीत की लय को बरकरार रखने की कोशिश करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे