एशियाई खेल 2026 :अंतिम पंघाल ने महिला 53 किग्रा वर्ग में जीता रजत
आइची-नागोया, 03 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय पहलवान अंतिम पंघाल ने एशियाई खेल 2026 में महिला 53 किग्रा वर्ग में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया। शनिवार को खेले गए स्वर्ण पदक मुकाबले में अंतिम को जापान की मोए कियोका ने अंकों के आधार पर 9-1 से हराया। इसके बावजूद अंतिम ने इस वर्ग में भारत के लिए एशियाई खेलों का पहला रजत पदक हासिल किया। वह 2022 के एशियाई खेलों में इसी वर्ग में कांस्य पदक जीत चुकी हैं।
स्वर्ण पदक मुकाबले में जापानी पहलवान ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और अंतिम को वापसी का ज्यादा मौका नहीं दिया। अंतिम को 1-9 से हार के साथ रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
अंतिम पंघाल ने 2022 के एशियाई खेलों में महिला 53 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीता था। इस बार उन्होंने एक कदम आगे बढ़ते हुए रजत पदक अपने नाम किया। इस तरह एशियाई खेलों में उनके नाम अब एक रजत और एक कांस्य पदक हो गया है।
अमन ने जीता स्वर्ण, दीपक और अंतिम ने बढ़ाया पदकों का आंकड़ा
भारतीय कुश्ती के लिए शनिवार का दिन पदकों से भरा रहा। अमन सहरावत ने पुरुष 57 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग में उत्तर कोरिया के हान चोंग सोंग को हराकर स्वर्ण पदक जीता। अमन ने मुकाबला 11-7 से अपने नाम किया।
दीपक पूनिया ने पुरुष 97 किग्रा फ्रीस्टाइल में मंगोलिया के गंखुयाग गनबातर को 2-1 से हराकर कांस्य पदक जीता। यह इस भार वर्ग में भारत का 60 साल बाद पहला एशियाई खेल पदक है। इससे पहले भारत ने 1966 में भीम सिंह के कांस्य के रूप में इस वर्ग में पदक जीता था।
वहीं, पुरुष 74 किग्रा फ्रीस्टाइल के कांस्य पदक मुकाबले में भारत के सागर जगलान को कजाखस्तान के तीन बार के विश्व पदक विजेता नूरकोझा काइपानोव ने 30 सेकंड के भीतर चित कर दिया और भारतीय पहलवान कांस्य पदक से चूक गए।
अमन सहरावत का स्वर्ण एशियाई खेलों में भारत का कुश्ती में दूसरा स्वर्ण रहा। इससे पहले सुजीत कालकल ने शुक्रवार को स्वर्ण पदक जीता था।
एशियाई खेलों में भारत के लिए अमन सहरावत, कुमकुम मोहोड, प्रणवी उर्स और पुरुष क्रिकेट टीम स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। महिला टीम गोल्फ में प्रणवी उर्स, अदिति अशोक और दीक्षा डागर ने रजत पदक जीता है, जबकि पुरुष व्यक्तिगत रिकर्व तीरंदाजी में नीरज चौहान ने कांस्य पदक हासिल किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे