भारत में पहली बार आईटीटीएफ लेवल-1 कोच शिक्षा कार्यक्रम शुरु, स्कूल प्रशिक्षकों को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण

 


नोएडा, 07 जुलाई (हि.स.)। देश में स्कूल स्तर पर टेबल टेनिस को मजबूत बनाने और शारीरिक शिक्षा शिक्षकों की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए इंटरनेशनल स्कूल्स स्पोर्ट्स ऑर्गेनाइजेशन (आईएसएसओ) ने इंटरनेशनल स्कूल स्पोर्ट फेडरेशन (आईएसएफ) अकादमी और इंटरनेशनल टेबल टेनिस फेडरेशन (आईटीटीएफ) के सहयोग से आईटीटीएफ लेवल-1 कोच शिक्षा कार्यक्रम की शुरुआत की है। यह पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रमाणन कार्यक्रम 6 से 10 जुलाई तक नोएडा स्थित प्रोमेथियस स्कूल में आयोजित किया जा रहा है।

आयोजकों ने मंगलवार को बताया कि इस कार्यक्रम में देशभर से 22 शारीरिक शिक्षा शिक्षक, स्कूल कोच और टेबल टेनिस प्रशिक्षक भाग ले रहे हैं। इसका उद्देश्य प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की कोचिंग पद्धतियों, खिलाड़ियों के विकास की आधुनिक तकनीकों और प्रभावी प्रशिक्षण प्रणाली से परिचित कराना है, ताकि स्कूल स्तर पर खेलों को नई मजबूती मिल सके।

कार्यक्रम का संचालन थाईलैंड की अंतरराष्ट्रीय स्तर की आईटीटीएफ प्रशिक्षक क्रिस्टीना ची कर रही हैं। वह प्रतिभागियों को कक्षा प्रशिक्षण के साथ-साथ टेबल पर व्यावहारिक कोचिंग भी दे रही हैं। प्रशिक्षण में कोचिंग की मूलभूत तकनीक, तकनीकी कौशल विकास, प्रशिक्षण सत्र की योजना, खिलाड़ियों की प्रगति और युवा खिलाड़ियों के लिए सकारात्मक सीखने का वातावरण तैयार करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

आईटीटीएफ प्रशिक्षक क्रिस्टीना ची ने कहा, कोच शिक्षा किसी भी मजबूत खेल व्यवस्था की आधारशिला होती है। जब शिक्षक और प्रशिक्षक अंतरराष्ट्रीय स्तर की जानकारी और व्यावहारिक तकनीकों से लैस होते हैं तो युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण मिलता है। भारत के शिक्षकों में जो उत्साह देखने को मिला है, वह बेहद प्रेरणादायक है। मुझे विश्वास है कि यह कार्यक्रम भविष्य के बेहतरीन टेबल टेनिस खिलाड़ियों को तैयार करने में मदद करेगा।

आईएसएसओ के सह-निदेशक गौरव दीक्षित ने कहा, आईएसएसओ का लक्ष्य छात्रों के साथ-साथ उन्हें प्रशिक्षित करने वाले शिक्षकों और कोचों को भी विश्वस्तरीय अवसर उपलब्ध कराना है। आईएसएफ अकादमी और आईटीटीएफ के साथ हमारी साझेदारी भारत में अंतरराष्ट्रीय स्तर की कोच शिक्षा लाने की दिशा में बड़ा कदम है। इससे स्कूल स्तर पर टेबल टेनिस को मजबूती मिलेगी और युवा खिलाड़ियों के समग्र विकास की मजबूत नींव तैयार होगी।

आईएसएसओ ने हाल के महीनों में फीबा, बैडमिंटन विश्व महासंघ और कुक्कीवोन (विश्व ताइक्वांडो मुख्यालय) के सहयोग से भी अंतरराष्ट्रीय कोच शिक्षा कार्यक्रम आयोजित किए हैं। इसके अलावा संस्था ने प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया के साथ साझेदारी कर स्कूल खेलों को नई दिशा देने का काम किया है।

कोच शिक्षा के साथ-साथ आईएसएसओ लगातार भारतीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच भी उपलब्ध करा रहा है। हाल ही में संस्था ने भारतीय छात्र टीम को आईएसएफ बास्केटबॉल चैंपियनशिप 2026 में भाग लेने के लिए सर्बिया भेजा था। इन पहलों के माध्यम से आईएसएसओ भारत के स्कूल खेल तंत्र को वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे