यूएस ओपन: कोको गॉफ ने दो मैच प्वाइंट बचाकर आंद्रिवा को हराया, सेमीफाइनल में राइबाकिना से भिड़ंत

 


न्यूयॉर्क, 10 सितंबर (हि.स.)।

अमेरिका की कोको गॉफ ने शानदार वापसी करते हुए पांचवीं वरीय मिर्रा आंद्रिवा को तीन सेटों में 2-6, 7-6 (7), 6-2 से हराकर यूएस ओपन के सेमीफाइनल में जगह बना ली। 2023 की चैंपियन गॉफ ने मुकाबले के दौरान दो मैच प्वाइंट बचाकर जीत हासिल की।

आर्थर ऐश स्टेडियम में बुधवार को खेले गए मुकाबले के पहले सेट में गॉफ पूरी तरह संघर्ष करती नजर आईं। आंद्रिवा ने शुरुआत में ही दबदबा बनाते हुए लगातार चार गेम जीते और पूरे सेट में गॉफ को एक भी ब्रेक प्वाइंट का मौका नहीं दिया।

पहले सेट में गॉफ ने 14 अनफोर्स्ड एरर किए, जबकि आंद्रिवा ने केवल पांच गलतियां कीं। इसका फायदा उठाते हुए रूसी खिलाड़ी ने पहला सेट आसानी से 6-2 से अपने नाम कर लिया।

दूसरे सेट में गॉफ ने लय हासिल की और मुकाबला पूरी तरह बदल गया। दोनों खिलाड़ियों ने दो-दो बार एक-दूसरे की सर्विस तोड़ी और सेट टाईब्रेक तक पहुंचा। आंद्रिवा जीत के बेहद करीब पहुंच गई थीं, लेकिन गॉफ ने दो मैच प्वाइंट बचाकर मुकाबले का रुख अपने पक्ष में कर लिया।

दूसरे सेट के टाईब्रेक में एक 39 शॉट की लंबी रैली निर्णायक साबित हुई, जिसे गॉफ ने शानदार बैकहैंड के साथ अपने नाम किया। इसके बाद उन्होंने टाईब्रेक जीतकर मुकाबले को निर्णायक सेट में पहुंचाया।

निर्णायक सेट में गॉफ ने आत्मविश्वास के साथ शुरुआत की और तीसरे गेम में आंद्रिवा की सर्विस तोड़ दी। इससे निराश आंद्रिवा ने अपना रैकेट बेंच की ओर फेंक दिया।

गॉफ ने इसके बाद मैच पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली और सातवें गेम में आंद्रिवा की सर्विस को शून्य पर तोड़ दिया। इसके बाद अमेरिकी खिलाड़ी ने फोरहैंड विनर लगाकर मुकाबला समाप्त किया और जीत का जश्न मनाया।

अब सेमीफाइनल में गॉफ का सामना कजाकिस्तान की एलेना राइबाकिना से होगा। राइबाकिना ने इससे पहले झेंग छिनवेन को हराकर पहली बार यूएस ओपन के अंतिम चार में जगह बनाई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे