अमेरिकी ओपन मिश्रित युगल में अल्काराज-सेरेना की भिड़ंत क्वालीफायर से

 


जोकोविच-सबालेन्का के सामने टियाफो-फर्नांडीज

न्यूयॉर्क, 24 अगस्त (हि.स.)।

अमेरिकी ओपन 2026 के मिश्रित युगल मुकाबलों का ड्रॉ जारी हो गया है। कार्लोस अल्कराज और सेरेना विलियम्स की जोड़ी पहले दौर में एक क्वालीफायर जोड़ी का सामना करेगी। वहीं शीर्ष वरीयता प्राप्त नोवाक जोकोविच और आर्यना सबालेन्का के सामने फ्रांसिस टियाफो और लेयला फर्नांडीज की जोड़ी होगी।

अल्कराज और सेरेना को 16 टीमों के इस मिश्रित युगल टूर्नामेंट में रविवार को वाइल्ड कार्ड के जरिए प्रवेश मिला है। सेरेना 2022 के बाद पहली बार अमेरिकी ओपन में वापसी करेंगी। वहीं अल्कराज भी इस विशेष प्रारूप में उनके साथ कोर्ट पर नजर आएंगे।

क्वालीफायर के खिलाफ मुकाबला अल्कराज और सेरेना के लिए आसान नहीं माना जा रहा है, क्योंकि क्वालीफाइंग दौर से आने वाली जोड़ियों में विशेषज्ञ युगल खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं। इस साल टूर्नामेंट में क्वालीफाइंग प्रतियोगिता को शामिल किया गया है।

जोकोविच-सबालेन्का के सामने टियाफो-फर्नांडीज

शीर्ष वरीयता प्राप्त जोकोविच और सबालेन्का पहले दौर में वाइल्ड कार्ड प्राप्त फ्रांसिस टियाफो और लेयला फर्नांडीज से भिड़ेंगे।

अमेरिका की दूसरी वरीयता प्राप्त जेसिका पेगुला और टेलर फ्रिट्ज के सामने डायना श्नाइडर और कैस्पर रूड की चुनौती होगी। वहीं दो बार की मौजूदा चैंपियन सारा इरानी और आंद्रेआ वावासोरी की जोड़ी पहले दौर में मिर्रा आंद्रीवा और आंद्रे रुबलेव से खेलेगी।

अमेरिकी ओपन 2026 मिश्रित युगल ड्रॉ

नोवाक जोकोविच/आर्यना सबालेन्का बनाम फ्रांसिस टियाफो/लेयला फर्नांडीज

गाएल मोनफिल्स/एलीना स्वितोलिना बनाम फेलिक्स ऑजे-अलियासिम/एलेक्जेंड्रा एला

बेलिंडा बेनसिच/फ्लावियो कोबोली बनाम अलेक्जेंडर ज्वेरेव/टेलर टाउनसेंड

कार्लोस अल्कराज/सेरेना विलियम्स बनाम क्वालीफायर

याकूब मेन्सिक/करोलिना मुचोवा बनाम क्वालीफायर

टॉमी पॉल/एमा नवारो बनाम लर्नर टीएन/अमांडा अनिसिमोवा

आंद्रे रुबलेव/मिर्रा आंद्रीवा बनाम आंद्रेआ वावासोरी/सारा इरानी

कैस्पर रूड/डायना श्नाइडर बनाम टेलर फ्रिट्ज/जेसिका पेगुला

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे