यूएस ओपन के पहले दौर में सोफिया केनिन ने वीनस विलियम्स को हराया

 


न्यूयॉर्क, 31 अगस्त (हि.स.)। अमेरिकी वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी सोफिया केनिन ने 46 वर्षीय हमवतन वीनस विलियम्स को यूएस ओपन-2026 के पहले दौर में 6-2, 7-6 (6) से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। यह मुकाबला न्यूयॉर्क में आधी रात के बाद शुरू हुआ और महिला यूएस ओपन इतिहास का सबसे देर से शुरू होने वाला मुकाबला बन गया।

आर्थर ऐश स्टेडियम में मुकाबला नोवाक जोकोविच और मारियानो नावेने के बीच पांच सेट के मुकाबले के बाद शुरू हुआ। देर रात होने के बावजूद बड़ी संख्या में दर्शक वीनस को देखने के लिए स्टेडियम में रुके रहे। वीनस अपने करियर के 96वें ग्रैंड स्लैम मुख्य ड्रॉ में वाइल्ड कार्ड के जरिए उतरी थीं। वीनस ने कहा, “यह बेहद देर से शुरू हुआ। मैंने इससे पहले कभी इतनी देर से मुकाबला नहीं खेला। मुझे खुशी है कि इतने सारे लोग इसके लिए रुके रहे। उनके सामने खेलना मेरे लिए सम्मान की बात थी।”

केनिन ने पहले ही गेम में वीनस की सर्विस तोड़ दी और शुरुआती सेट में लगातार दबदबा बनाए रखा। उन्होंने 3-0 की बढ़त बनाई। वीनस ने वापसी करते हुए एक गेम जीता, लेकिन केनिन ने फिर सर्विस ब्रेक हासिल कर सेट 6-2 से अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में भी केनिन ने 3-1 की बढ़त बना ली। हालांकि सात बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन वीनस ने कुछ बेहतरीन शॉट लगाकर वापसी की कोशिश की। दोनों खिलाड़ियों के बीच मुकाबला 5-5 की बराबरी तक पहुंचा और फिर टाईब्रेक में चला गया।

टाईब्रेक में वीनस के पास सेट जीतने के सात मौके आए, लेकिन वह इनमें से किसी को भी भुना नहीं सकीं। केनिन ने धैर्य बनाए रखते हुए टाईब्रेक 8-6 से जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

वीनस ने कहा, “यह आदर्श स्थिति नहीं थी। मैं निश्चित रूप से कुछ और चाहती। पहली बार में ही रात एक या दो बजे अपना लय हासिल करना और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना आसान नहीं है, लेकिन मैंने अपनी पूरी कोशिश की।”

2020 की ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन केनिन अब दूसरे दौर में शीर्ष वरीयता प्राप्त अमेरिकी खिलाड़ी जेसिका पेगुला से भिड़ेंगी।

मेदवेदेव और पेगुला ने भी दर्ज की जीत

पूर्व चैंपियन डेनियल मेदवेदेव ने फ्रांस के क्वालीफायर ह्यूगो गैस्टन को 6-4, 6-2, 6-4 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई। सिनसिनाटी और मॉन्ट्रियल में शुरुआती दौर में बाहर होने के बाद मेदवेदेव ने इस जीत के साथ अच्छी वापसी की। महिला एकल में तीसरी वरीयता प्राप्त जेसिका पेगुला ने रोमानिया की एलेना-गैब्रिएला रुसे को 6-3, 6-2 से हराया।

दो बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन बारबोरा क्रेजिकोवा टूर्नामेंट से बाहर होने वाली पहली वरीयता प्राप्त खिलाड़ी बनीं। उन्हें कामिला राखीमोवा ने 7-6(4), 6-2 से हराया।

इटली की जैस्मिन पाओलिनी ने स्लोवेनिया की वेरोनिका एरियावेक को 6-3, 3-6, 6-4 से हराया। यूक्रेन की मार्ता कोस्त्युक ने ऑस्ट्रेलिया की स्टॉर्म हंटर को 6-4, 6-1 से शिकस्त दी, जबकि एलिना स्वितोलिना ने सोलेना सिएरा को 6-1, 6-2 से मात दी।

पूर्व चैंपियन मारिन सिलिच और 2022 के उपविजेता कैस्पर रूड चोट के कारण टूर्नामेंट से हट गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे