प्रतिस्पर्धा आपको बेहतर बनने के लिए प्रेरित करती है : आर्यना सबालेंका

 


नई दिल्ली, 05 सितंबर (हि.स.)। दो बार की चैंपियन बेलारूस की आर्यना सबालेंका ने यूएस ओपन 2026 में अपने खिताब बचाने के अभियान की शानदार शुरुआत की है। विश्व नंबर एक सबालेंका ने तीसरे दौर में कामिला राखिमोवा को 6-3, 6-4 से हराकर अंतिम-16 में जगह बना ली है।

न्यूयॉर्क में अपने अभियान के दौरान सबालेंका ने टेनिस की प्रतिस्पर्धात्मक प्रकृति और मजबूत प्रतिद्वंद्वियों से मिलने वाली चुनौती पर बात की।

जियोस्टार को दिए गए एक साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि कड़ी प्रतिस्पर्धा उन्हें लगातार बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती है।

सबालेंका ने कहा, “प्रतिस्पर्धा हमेशा आपको बेहतर बनने के लिए प्रेरित करती है। मुझे टेनिस की यही बात पसंद है कि कोई आपका पीछा कर रहा हो या आप किसी का पीछा कर रहे हों। यह आपको भूखा रखती है और अपना स्तर बढ़ाने के लिए मजबूर करती है। यह दबाव आपको मजबूत बनाता है और और भी कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित करता है। यह लगातार बनी रहने वाली चुनौती है और यही मेरे लिए खेल को इतना रोमांचक बनाती है।”

विश्व नंबर एक ने पेशेवर और निजी जीवन के बीच संतुलन बनाए रखने के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि कोर्ट पर खेल की तीव्रता और आक्रामकता के बीच पूरी तरह केंद्रित रहना पड़ता है, इसलिए कोर्ट के बाहर आराम करना और अपनी पसंद की चीजों का आनंद लेना जरूरी है।

उन्होंने कहा, “मैंने हमेशा माना है कि कोर्ट के अंदर और बाहर की जिंदगी के बीच संतुलन होना जरूरी है। कोर्ट पर खेल बेहद तीव्र और आक्रामक होता है। आपको हर समय मजबूत और केंद्रित रहना पड़ता है। वहां खुद को ढीला छोड़ने की कोई जगह नहीं होती, लेकिन कोर्ट के बाहर स्थिति अलग होती है। वहां आप आराम करते हैं, मौज-मस्ती करते हैं और अपनी पसंद की चीजों का आनंद लेते हैं। यही संतुलन मुझे फिर से ऊर्जा हासिल करने और अगले मैच के लिए तरोताजा रहने में मदद करता है।”

अंतिम-16 में सबालेंका का सामना टेलर टाउनसेंड से होगा। यह मुकाबला जियोहॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स पर प्रसारित किया जाएगा।

सबालेंका ने यूएस ओपन में न्यूयॉर्क के माहौल को भी खास बताया। उन्होंने कहा कि दर्शकों का उत्साह उन्हें अतिरिक्त ऊर्जा देता है और शहर की ऊर्जा भी कोर्ट पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती है।

उन्होंने कहा, “यहां मुझे बहुत कुछ पसंद है। सबसे पहले तो यहां के दर्शक शानदार हैं। जब वे आपका उत्साह बढ़ाते हैं तो आपको बहुत ऊर्जा मिलती है। मुझे न्यूयॉर्क में रहना पसंद है। जब मौका मिलता है तो खरीदारी करना और अच्छे रेस्तरां में खाना भी पसंद है। इस शहर में दो या तीन सप्ताह बिताना हमेशा खास होता है। मुझे लगता है कि शहर की ऊर्जा आपको कोर्ट पर और कड़ी मेहनत करने और प्रेरित बने रहने के लिए प्रेरित करती है।”

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे