इंडियन वेल्स 2026: आर्यना सबालेंका ने एलेना राइबाकिना को हराकर जीता बीएनपी परिबास ओपन का खिताब

 


कैलिफोर्निया, 16 मार्च (हि.स.)। विश्व की नंबर एक टेनिस खिलाड़ी आर्यना सबालेंका ने आखिरकार बीएनपी परिबास ओपन (इंडियन वेल्स) 2026 का खिताब जीतकर लंबे इंतजार को खत्म कर दिया। रविवार (भारतीय समयानुसार सोमवार) को खेले गए टेनिस टूर्नामेंट के रोमांचक फाइनल में सबालेंका ने एलेना राइबाकिना को 3-6, 6-3, 7-6(6) से हराकर अपने करियर का 23वां खिताब अपने नाम किया।

फाइनल मुकाबले की शुरुआत राइबाकिना के दबदबे के साथ हुई। उन्होंने शुरुआती सेट में सबालेंका की सर्विस तोड़ते हुए 4-2 की बढ़त बना ली और उनके बैकहैंड पर लगातार दबाव बनाकर पहला सेट 6-3 से अपने नाम कर लिया। यह इस पूरे टूर्नामेंट में पहली बार था, जब सबालेंका ने कोई सेट गंवाया।

दूसरे सेट की शुरुआत भी सबालेंका के लिए आसान नहीं रही। राइबाकिना ने पहले ही गेम में उनकी सर्विस ब्रेक कर दी। हालांकि चार ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुकी सबालेंका ने शानदार वापसी करते हुए खेल का रुख बदल दिया और लगातार आक्रामक खेल दिखाते हुए दूसरा सेट 6-3 से जीतकर मुकाबले में बराबरी कर ली।

निर्णायक तीसरा सेट बेहद रोमांचक रहा। सबालेंका ने शुरुआत में सर्विस ब्रेक कर 3-1 की बढ़त बनाई, लेकिन राइबाकिना ने शानदार वापसी करते हुए स्कोर 5-5 से बराबर कर लिया और पहली बार इस सेट में बढ़त हासिल की। हालांकि सबालेंका ने तुरंत जवाब देते हुए मुकाबले को टाईब्रेक में पहुंचाया।

टाईब्रेक में दोनों खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला और स्कोर 6-6 तक पहुंच गया। इसके बाद सबालेंका ने दो अहम अंक जीतकर टाईब्रेक 8-6 से अपने नाम कर लिया और मैच जीतते ही घुटनों के बल बैठ गईं। यह जीत उनके लिए बेहद खास रही, क्योंकि तीन साल के इंतजार और तीन फाइनल हारने के बाद आखिरकार उन्होंने इंडियन वेल्स का खिताब जीत लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे