ग्रेनोलर्स और जेबालोस ने बरकरार रखा फ्रेंच ओपन पुरुष युगल खिताब
- लगातार दूसरी बार चैंपियन बने, जोड़ी ने जीता तीसरा ग्रैंड स्लैम खिताब
पेरिस, 06 जून (हि.स.)। स्पेन के मार्सेल ग्रेनोलर्स और अर्जेंटीना के होरासियो जेबालोस की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फ्रेंच ओपन 2026 पुरुष युगल वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया। दोनों खिलाड़ियों ने फाइनल मुकाबले में दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी हैरी हेलियोवारा और हेनरी पैटन को सीधे सेटों में 6-4, 6-2 से हराकर लगातार दूसरी बार यह खिताब जीत लिया।
इस जीत के साथ ग्रेनोलर्स और जेबालोस की जोड़ी ने अपने करियर का तीसरा ग्रैंड स्लैम खिताब हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों ने वर्ष 2019 में साथ खेलना शुरू किया था और तब से युगल प्रतियोगिताओं में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन कर रहे हैं।
शीर्ष वरीयता प्राप्त इस जोड़ी ने पूरे फ्रेंच ओपन अभियान में एक भी सेट गंवाए बिना खिताब तक का सफर तय किया। इससे पहले दोनों ने पिछले वर्ष फ्रेंच ओपन और अमेरिकी ओपन का खिताब भी अपने नाम किया था।
फाइनल मुकाबले में ग्रेनोलर्स और जेबालोस ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। पहले सेट में बढ़त हासिल करने के बाद उन्होंने दूसरे सेट में भी विरोधी जोड़ी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और एकतरफा जीत दर्ज करते हुए अपना वर्चस्व कायम रखा।
इस लगातार सफलता के साथ यह जोड़ी पुरुष युगल टेनिस की सबसे सफल जोड़ियों में अपनी पहचान और मजबूत करने में सफल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे