फ्रेंच ओपन 2026: ब्राजील के युवा टेनिस स्टार फोंसेका क्वार्टर फाइनल में
पेरिस, 01 जून (हि.स.)। ब्राज़ील के युवा टेनिस स्टार जोआओ फोंसेका ने फ्रेंच ओपन 2026 में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए अंतिम-16 मुकाबले में दो बार के उपविजेता कैस्पर रूड को हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। क्वार्टर फाइनल में अब फोंसेका का सामना चेक गणराज्य के युवा खिलाड़ी याकुब मेंशिक से होगा।
19 वर्षीय फोंसेका ने रोमांचक मुकाबले में रूड को 7-5, 7-6 (10/8), 5-7, 6-2 से मात दी। रोलां गैरो के रात्रिकालीन मुकाबले में मिली इस जीत के साथ उन्होंने अपने करियर में पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
फोंसेका ने इस टूर्नामेंट में पहले ही दुनिया के दिग्गज खिलाड़ी नोवाक जोकोविच को हराकर सनसनी फैला दी थी। इसके बाद उन्होंने कैस्पर रूड के खिलाफ भी शानदार खेल दिखाते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
इससे पहले दूसरे दौर में डिनो प्रिज़मिक और तीसरे दौर में जोकोविच के खिलाफ दो सेट से पिछड़ने के बाद वापसी करने वाले फोंसेका ने इस बार अधिक परिपक्व और संतुलित खेल का प्रदर्शन किया।
दो बार के फ्रेंच ओपन फाइनलिस्ट रूड ने कड़ा संघर्ष किया, लेकिन फोंसेका ने दबाव के क्षणों में बेहतर खेल दिखाते हुए मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी। लगभग 3 घंटे 55 मिनट तक चले इस मैराथन मुकाबले का समापन सोमवार तड़के स्थानीय समयानुसार 12:27 बजे हुआ।
फोंसेका की इस जीत ने उन्हें टूर्नामेंट के सबसे चर्चित खिलाड़ियों में शामिल कर दिया है और अब उनकी नजरें सेमीफाइनल में जगह बनाने पर टिकी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे