गांगुली, रहाणे, लारा और रूट ने प्रिंस विलियम के साथ खेला टेनिस बॉल क्रिकेट, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
लंदन, 14 अक्टूबर (हि.स.)। भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और अजिंक्य रहाणे सहित क्रिकेट जगत की कई दिग्गज हस्तियों ने लंदन में ब्रिटेन के प्रिंस विलियम के साथ टेनिस बॉल क्रिकेट का मैत्रीपूर्ण मुकाबला खेला। इस खास आयोजन का उद्देश्य क्रिकेट के प्रति भारत और ब्रिटेन के साझा जुनून का जश्न मनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। यह आयोजन अगले महीने मुंबई में होने वाले अर्थशॉट पुरस्कार समारोह की उलटी गिनती के तहत किया गया।
द रॉयल फाउंडेशन की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार यह मुकाबला बकिंघम पैलेस के बाहर स्थित द मॉल मार्ग पर खेला गया। इस ऐतिहासिक मार्ग का इस्तेमाल आमतौर पर शाही समारोहों और भव्य जुलूसों के लिए किया जाता है। आयोजन में वेस्टइंडीज के दिग्गज ब्रायन लारा, इंग्लैंड के जो रूट और हैरी ब्रूक सहित कई प्रमुख क्रिकेट हस्तियां शामिल हुईं।
हाल ही में अपने शानदार क्रिकेट करियर को अलविदा कहने वाले रहाणे ने बुधवार को लिंक्डइन पर एक पोस्ट के जरिए इस आयोजन का अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि बकिंघम पैलेस की पृष्ठभूमि में लंदन के द मॉल पर टेनिस बॉल से क्रिकेट खेलना उनके लिए लंबे समय तक याद रहने वाला अनुभव होगा।
रहाणे ने लिखा, “क्रिकेट मुझे दुनिया भर के कुछ शानदार मैदानों तक ले गया है, लेकिन बकिंघम पैलेस की पृष्ठभूमि में लंदन के द मॉल पर टेनिस बॉल से क्रिकेट खेलना ऐसा अनुभव है, जो लंबे समय तक मेरे साथ रहेगा।”
उन्होंने कहा, “यह दिन भारत और ब्रिटेन के बीच क्रिकेट के साझा प्रेम का जश्न मनाने के लिए था, लेकिन इससे भी महत्वपूर्ण बात उस उद्देश्य पर रोशनी डालना था, जो खेल की सीमाओं से कहीं आगे है। प्रिंस विलियम के साथ समय बिताना और दादा, ब्रायन लारा, जो रूट, हैरी ब्रूक, डैनी तथा खेल की अन्य शानदार हस्तियों से मिलना मेरे लिए सौभाग्य की बात थी।”
रहाणे ने बताया कि इस दौरान क्रिकेट की एकजुट करने वाली ताकत, इंग्लैंड और भारत में खेलने की यादों तथा भविष्य के प्रति साझा जिम्मेदारी पर भी चर्चा हुई।
मुंबई में 17 नवंबर को होगा अर्थशॉट पुरस्कार समारोह
रहाणे ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि प्रकृति, स्वच्छ हवा, महासागरों, कचरा कम करने और जलवायु संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, मिलकर काम करने और ईमानदार प्रयास जैसे मूल्य सिखाता है, जो पृथ्वी को सुरक्षित रखने के प्रयासों में भी महत्वपूर्ण हैं।
प्रिंस विलियम ने 2020 में अर्थशॉट पुरस्कार की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य पृथ्वी की रक्षा और पर्यावरणीय चुनौतियों के समाधान के लिए नवोन्मेषी विचारों और तकनीकों को पहचानना, प्रोत्साहित करना और उनका समर्थन करना है।
इस पुरस्कार का छठा संस्करण पहली बार भारत में आयोजित होगा। समारोह 17 नवंबर को मुंबई में होगा। रहाणे ने अपने गृह शहर मुंबई में इस आयोजन के स्वागत को लेकर भी उत्साह जताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे