एशियाई खेल 2026: अंकिता रैना-ऋतुजा भोसले महिला युगल टेनिस से बाहर

 


आइची-नागोया, 28 सितंबर (हि.स.)। भारत की अंकिता रैना और ऋतुजा भोसले को एशियाई खेल 2026 में महिला युगल टेनिस स्पर्धा में हार का सामना करना पड़ा। भारतीय जोड़ी को सोमवार को कजाकिस्तान की अन्ना डानिलिना और यूलिया पुतिन्त्सेवा ने कड़े मुकाबले में 5-7, 6-3, 10-5 से हराया।

अंकिता और ऋतुजा ने मुकाबले की शानदार शुरुआत करते हुए पहला सेट 7-5 से अपने नाम किया। इसके बाद कजाकिस्तान की जोड़ी ने वापसी करते हुए दूसरा सेट 6-3 से जीत लिया।

निर्णायक मैच टाईब्रेक में भी दोनों जोड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन डानिलिना और पुतिन्त्सेवा ने दबाव के क्षणों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए इसे 10-5 से जीत लिया और अगले दौर में जगह बना ली।

अंकिता और ऋतुजा ने मजबूत प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ पहला सेट जीतकर अच्छी शुरुआत की थी। पुतिन्त्सेवा शीर्ष 100 में शामिल खिलाड़ी हैं और नियमित रूप से डब्ल्यूटीए टूर में हिस्सा लेती हैं। हालांकि भारतीय जोड़ी अपनी शुरुआती बढ़त को अंत तक कायम नहीं रख सकी।

इस हार के साथ एशियाई खेलों में भारत का महिला युगल टेनिस अभियान समाप्त हो गया है। हालांकि अंकिता रैना और ऋतुजा भोसले मिश्रित युगल स्पर्धा में अभी भी चुनौती पेश करेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे